इस सप्ताह कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। ब्रेंट क्रूड का दाम फिसलकर 94.98 डॉलर (करीब 9,000 रुपये) प्रति बैरल पर आ गया, जबकि वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) 86.78 डॉलर (करीब 8,200 रुपये) पर पहुंच गया।
तेल की कीमतों में यह गिरावट मुख्य तौर पर मध्य पूर्व से कच्चे तेल का निर्यात बढ़ने और अमेरिका के अपने देश में ईंधन की आवाजाही को आसान बनाने के कारण हुई है।
चौथी तिमाही में रहेगा तेल का अधिशेष
अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (IEA) का अनुमान है कि इस साल की चौथी तिमाही में दुनिया में तेल का अधिशेष रहेगा। एजेंसी को उम्मीद है कि इस दौरान कच्चे तेल की आपूर्ति मांग से करीब 17 लाख बैरल प्रतिदिन (bpd) ज्यादा होगी।
तेल की यह अतिरिक्त उपलब्धता मुख्य तौर पर मध्य पूर्व से बढ़े हुए निर्यात और अमेरिका के उन कदमों की वजह से होगी, जिनमें विदेशी जहाजों को अमेरिकी बंदरगाहों के बीच तेल ले जाने की अनुमति दी गई है।
हालांकि, विशेषज्ञ चेतावनी देते हैं कि होर्मुज जलडमरूमध्य जैसे अहम इलाकों में अगर, तनाव बढ़ता है तो यह स्थिति रातों-रात बदल सकती है।