ब्रह्मा AI का 5 साल में एक अरब डॉलर राजस्व हासिल करने का लक्ष्य
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एंटरप्राइज कंटेंट प्लेटफॉर्म और DNEG ग्रुप का हिस्सा ब्रह्मा AI ने कुछ बड़े लक्ष्य तय किए हैं।
कंपनी का इरादा है कि अगले 3 सालों में 50 करोड़ डॉलर (करीब 4,750 करोड़ रुपये) और 5 सालों में एक अरब डॉलर (करीब 95 अरब रुपये) का राजस्व हासिल करे।
मल्टीपल्स के नेतृत्व में 15 करोड़ डॉलर (करीब 1,400 करोड़ रुपये) की नई फंडिंग मिलने के बाद अब कंपनी का मूल्यांकन 2 अरब डॉलर (करीब 190 अरब रुपये) हो गया है। संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) प्रभु नरसिम्हन का लक्ष्य है कि वे बाजार में एक फीसदी हिस्सेदारी पर कब्जा जमाएं।
कारोबार के विस्तार की योजना
इस नए निवेश से इंटरैक्टिव डिजिटल ह्यूमन पर शोध में तेजी आएगी और ब्रह्मा AI अपनी पहुंच को मीडिया के अलावा कई दूसरे क्षेत्रों तक फैला पाएगा। इसमें हेल्थकेयर, विज्ञापन और स्पोर्ट्स ब्रॉडकास्टिंग जैसे क्षेत्र शामिल हैं। कंपनी का राजस्व पहले से ही तेजी से बढ़ रहा है।
अमेरिका और यूरोप में मजबूत ग्राहक होने की वजह से इस साल इसका राजस्व 13 करोड़ डॉलर (करीब 1,200 करोड़ रुपये) से ज्यादा पहुंचने की उम्मीद है, जो पिछले साल 7.4 करोड़ डॉलर (करीब 700 करोड़ रुपये) था। नरसिम्हन के नेतृत्व में यह कंपनी स्वतंत्र रूप से काम करती है। बार-बार होने वाला राजस्व (रिकरिंग रेवेन्यू) इसके कारोबार का एक अहम हिस्सा है और प्राइम फोकस इसमें मुख्य हितधारक बना रहेगा।