AI के कारण बदलेगा अमीरों का खर्च करने का तरीका, BNP परिबास का चौंकाने वाला अनुमान
फ्रांसीसी यूनिवर्सल बैंक BNP परिबास का कहना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की वजह से भारत के धनी लोगों के खर्च करने का तरीका काफी हद तक बदल सकता है।
उन्होंने यह भी चेतावनी दी है कि अगर, AI की वजह से व्हाइट-कॉलर नौकरियों में कमी आती है तो इसका असर सबसे पहले फास्ट फूड और क्रेडिट कार्ड के इस्तेमाल पर दिख सकता है।
हालांकि, वस्तु एवं सेवा कर (GST), इनकम टैक्स में कटौती और ब्याज दरों को कम करने जैसे सरकारी कदम इस संभावित असर को झेलने में काफी हद तक सहारा देंगे।
निफ्टी 50 दिसंबर तक 25,500 तक पहुंचने का अनुमान
इन संभावित मुश्किलों के बावजूद BNP परिबास ने अनुमान लगाया है कि दिसंबर तक निफ्टी 50 बढ़कर 25,500 तक पहुंच सकता है।
इसकी वजह लगातार कमाई में बढ़ोतरी को बताया गया है। दूसरी तरफ, वेतन वृद्धि में कमी आई है और पर्सनल लोन की मांग भी पहले जितनी मजबूत नहीं दिख रही है।
खासकर IT और फाइनेंस सेक्टर की नौकरियों में थोड़ी गिरावट देखी गई है। ऐसे में धनी भारतीयों की खर्च करने की आदतें बदल सकती हैं क्योंकि AI नौकरियों के पूरे माहौल को बदल रहा है।