BMW करेगी 8,000 कर्मचारियों की छंटनी, इन विभागों पर पड़ेगा असर
क्या है खबर?
जर्मनी की दिग्गज कार बनाने वाली कंपनी BMW अपने हजारों कर्मचारियों की छंटनी करने वाली है। समाचार एजेंसी AFP की रिपोर्ट के अनुसार, BMW अगले एक साल में करीब 8,000 कर्मचारियों को नौकरी से निकालने वाली है। कंपनी ने लक्ष्य रखा है कि वह 2027 के अंत तक छंटनी की यह प्रक्रिया पूरी कर लेगी। बताया जा रहा है कि यह कदम खर्च कम करने और कारोबार को अधिक मजबूत बनाने की योजना का हिस्सा है।
असर
किन कर्मचारियों पर पड़ेगा सबसे ज्यादा असर?
रिपोर्ट के मुताबिक, इस छंटनी का सबसे ज्यादा असर रिसर्च, डेवलपमेंट, प्लानिंग और दूसरे कॉर्पोरेट विभागों में काम करने वाले कर्मचारियों पर पड़ेगा।
कंपनी स्वैच्छिक सेवरेंस पैकेज के जरिए कर्मचारियों की संख्या कम करेगी। हालांकि फिलहाल फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मचारियों को इस योजना में शामिल नहीं किया गया है।
इसके साथ ही, कंपनी अपने प्रबंधन ढांचे में भी बदलाव करने की तैयारी कर रही है और कई विभागों में नए सिरे से जिम्मेदारियां भी तय की जाएंगी।
वजह
क्यों उठाना पड़ रहा है यह बड़ा कदम?
BMW इस समय चीन में घटती बिक्री, यूरोप में बढ़ती उत्पादन लागत और अमेरिकी शुल्क जैसी कई चुनौतियों का सामना कर रही है।
इसके अलावा, इलेक्ट्रिक कार बाजार में चीनी कंपनियों की बढ़ती प्रतिस्पर्धा भी कंपनी पर दबाव बढ़ा रही है।
इन परिस्थितियों को देखते हुए BMW खर्च कम करने, मुनाफा बढ़ाने और भविष्य में कारोबार को अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए यह बड़ा फैसला ले रही है, ताकि भविष्य में कंपनी की वित्तीय स्थिति और मजबूत हो सके।
रणनीति
भविष्य की रणनीति पर रहेगा कंपनी का फोकस
अपनी स्थिति मजबूत रखने के लिए BMW नई पीढ़ी की कारों और आधुनिक तकनीक पर लगातार निवेश कर रही है।
कंपनी को उम्मीद है कि पुनर्गठन और खर्च में कटौती के बाद आने वाले वर्षों में उसकी कमाई बेहतर होगी।
हाल ही में कंपनी ने अपने खर्च घटाने की योजना को और तेज करने का फैसला भी लिया है, जिससे भविष्य में कारोबार को नई मजबूती मिल सके और अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी हिस्सेदारी को बनाए रखने में मदद मिले।