ब्लूस्काई की CEO जे ग्रैबर ने 5 साल बाद अपने पद से दिया इस्तीफा
क्या है खबर?
जैक डॉर्सी की सोशल मीडिया कंपनी ब्लूस्काई की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जे ग्रैबर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वह 2021 से इस प्लेटफॉर्म को लीड कर रही थीं। कंपनी ने बताया कि अब टोनी श्नाइडर कुछ समय के लिए यह जिम्मेदारी संभालेंगी। हालांकि, ग्रैबर कंपनी से अलग नहीं होंगी और नए पद पर काम करती रहेंगी। इस बदलाव को कंपनी के अगले चरण और प्लेटफॉर्म के विस्तार की तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है।
भूमिका
अब CIO की भूमिका निभाएंगी
ग्रैबर CEO पद से इस्तीफे के बाद अब कंपनी में चीफ इनोवेशन ऑफिसर (CIO) की भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे ब्लूस्काई बड़ा हो रहा है, कंपनी को ऐसे अनुभवी लीडर की जरूरत है, जो स्केलिंग और संचालन पर ज्यादा ध्यान दे सके। ग्रैबर का कहना है कि वह अब नए फीचर और टेक्नोलॉजी विकसित करने पर फोकस करेंगी। कंपनी का बोर्ड इस बीच एक स्थायी CEO की तलाश भी शुरू कर चुका है।
सफर
शुरुआत से ही ब्लूस्काई से जुड़ी रहीं
ग्रैबर का ब्लूस्काई से जुड़ाव तब से है जब यह डॉर्सी के ट्विटर प्रोजेक्ट का एक बहुत ही छोटा हिस्सा था। उन्हें 2021 में आधिकारिक तौर पर कंपनी का CEO बनाया गया था। उनकी लीडरशिप में यह प्लेटफॉर्म एक इनविटेशन आधारित सर्विस से बढ़कर करोड़ों यूजर्स वाला नेटवर्क बन गया। रिपोर्ट के अनुसार, अब ब्लूस्काई के लगभग 4.3 करोड़ यूजर हो चुके हैं और यह तेजी से पहचान बना रहा है।
तलाश
नए CEO की तलाश जारी
कंपनी ने फिलहाल श्नाइडर को अंतरिम रूप से नेतृत्व की जिम्मेदारी दी है। वह पहले वर्डप्रेस की पेरेंट कंपनी ऑटोमैटिक के CEO रह चुके हैं और ब्लूस्काई में निवेशक और सलाहकार भी हैं। कंपनी का कहना है कि वह स्थायी CEO की तलाश कर रही है। वहीं ग्रैबर बोर्ड में भी बनी रहेंगी और कंपनी के भविष्य से जुड़े फैसलों में उनकी भूमिका आगे भी अहम बनी रह सकती है।