भारत के टेक सेक्टर में बड़ी हलचल देखने को मिल रही है। ब्लैकस्टोन समर्थित कंपनी एयरट्रंक ने आंध्र प्रदेश में लगभग 11 अरब डॉलर (करीब 1,000 अरब रुपये) के निवेश से 2 विशाल डाटा सेंटर बनाने की योजना बनाई है।
अगर, इस प्रोजेक्ट को मंजूरी मिल जाती है, तो ये डेटा सेंटर 1.8 गीगावाट तक की क्षमता दे पाएंगे। इससे यह देश के सबसे बड़े डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में से एक बन जाएगा।
गूगज की AI हब बनाने की योजना
यह मामला केवल सर्वर और डाटा स्टोरेज तक ही सीमित नहीं है। आंध्र प्रदेश एक बड़ा डिजिटल हब बनने का लक्ष्य लेकर चल रहा है। एयरट्रंक ने बताया है कि वह संसाधनों की चिंता को दूर करने के लिए कम पानी वाले, हवा से ठंडे होने वाले सिस्टम और औद्योगिक जल स्रोतों का इस्तेमाल करेगा।
राज्य के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू भी रिन्यूएबल एनर्जी और बेहतर जल प्रबंधन को बढ़ावा दे रहे हैं। इसके साथ ही गूगल भी यहां एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) हब में 15 अरब डॉलर (करीब 1,400 अरब रुपये) का निवेश कर रही है, जिससे लगता है कि आंध्र प्रदेश भारत के टेक भविष्य का नेतृत्व करने के लिए काफी गंभीर है।