अमेरिका में महंगाई बढ़ने की आशंका से बिटकॉइन में आई गिरावट
दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन 75,231 डॉलर (करीब 71 लाख रुपये) का ऊपरी स्तर छूने के बाद 74,443 डॉलर (करीब 70 लाख रुपये) पर आ गई।
पिछले एक दिन में इसमें करीब 0.71 फीसदी की गिरावट आई है, जबकि पूरे सप्ताह की बात करें तो यह 2.86 फीसदी तक नीचे गिर गई। बिटकॉइन में यह गिरावट ऐसे समय में आई है, जब ट्रेडर अमेरिका के महंगाई के नए आंकड़ों पर बारीकी से नजर रखे हुए हैं।
इसी बीच, टेक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनियों के शेयरों को भी झटका लगा है। हालांकि, ऊर्जा की कीमतों में कमी और डॉलर के कमजोर होने से वैश्विक बाजारों में थोड़ी रिकवरी देखने को मिली है।
बिटकॉइन ETF से हुई निकासी
बिटकॉइन एक्सचेंज-ट्रेडेड फंड (ETF) से 41.20 करोड़ डॉलर (करीब 3,900 करोड़ रुपये) का शुद्ध पूंजी निकासी हुई है। इथेरिम ETF को भी इसी तरह नुकसान झेलना पड़ा है।
जानकारों का मानना है कि बिटकॉइन के ये मौजूदा भाव अहम मोड़ हैं। बड़े निवेशक भले ही बिक्री कर रहे हों, लेकिन स्पॉट खरीदार और डेरिवेटिव ट्रेडर इसमें खरीदारी करने के लिए आगे आ रहे हैं। अब सबकी निगाहें जारी होने वाले अमेरिका के महंगाई के आंकड़ों पर टिकी हैं।
जियोटस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) विक्रम सुब्बुराज का मानना है कि यही आंकड़े तय करेंगे कि बिटकॉइन का अगला रुख क्या होगा?
उन्होंने कहा, "अगर, महंगाई के मुख्य आंकड़े 0.2 फीसदी के मासिक अनुमान से ज्यादा आते हैं तो इससे दिसंबर में फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दर बढ़ाने की उम्मीदें मजबूत हो सकती हैं। ऐसे में बिटकॉइन के लिए 76,450 डॉलर (करीब 72.5 लाख रुपये) का स्तर पार करना मुश्किल हो जाएगा क्योंकि हाल में यहीं से इसकी तेजी रुक गई थी।"