अमेरिकी-ईरान तनाव के चलते बिटकॉइन फिर फिसला, क्रिप्टो बाजार को 2 सप्ताह में भारी नुकसान
बिटकॉइन गुरुवार (28 मई) को 73,005 डॉलर (करीब 67.8 लाख रुपये) पर फिसल गया और सिर्फ 24 घंटों में 3 फीसदी से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई।
अमेरिकी और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और क्रिप्टो में रोजाना होने वाले 70 करोड़ डॉलर (करीब 6,500 करोड़ रुपये) के लिक्विडेशन ने निवेशकों को काफी घबरा दिया है।
इसका सीधा असर क्रिप्टो फियर एंड ग्रीड इंडेक्स पर भी पड़ा, जो गिरकर 34 पर आ गया है।
ऑल्टकॉइंस में भी आई गिरावट
बड़ी संस्थाओं का भरोसा भी अब डगमगा रहा है। जियोटस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) विक्रम सुब्बराज के मुताबिक, पिछले 2 हफ्तों में US स्पॉट बिटकॉइन ETF से 2.54 अरब डॉलर (करीब 230 अरब रुपये) निकाले गए हैं, जिसमें से पिछले हफ्ते ही 1.26 अरब डॉलर (करीब 115 अरब रुपये) की निकासी हुई है।
दूसरी तरफ, इथेरियम 4.44 फीसदी गिर गया और BNB, सोलाना जैसे बड़े ऑल्टकॉइंस 4.58 फीसदी तक नीचे आ गए। इसकी वजह से पूरे क्रिप्टो बाजार का मूल्यांकन लगभग 3 फीसदी घटकर 2,450 अरब डॉलर (करीब 2.2 लाख अरब रुपये) रह गई।
जानकार अभी सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। खासकर इसलिए क्योंकि, अमेरिका में क्रिप्टो नियमों पर काम रुक गया है, जिससे निवेशकों के लिए स्थिति और भी मुश्किल हो गई है।