शेयर बाजार में कमजोरी के बीच बिटकॉइन में आया उछाल
बुधवार (19 अगस्त) को शुरुआती कारोबार में बिटकॉइन 65,000 डॉलर (करीब 61.75 लाख रुपये) के करीब पहुंच गया और 64,318 डॉलर (करीब 61.1 लाख रुपये) पर ट्रेड कर रहा था।
यह दिनभर और पूरे सप्ताह थोड़ा मजबूत बना रहा। हाल ही में वैश्विक शेयर बाजार में भले ही उथल-पुथल दिख रही है, लेकिन क्रिप्टो बाजार ने अपनी पकड़ बनाए रखी है।
ऐसा निवेशकों के लगातार भरोसे और डिजिटल एसेट्स के लचीलेपन की वजह से हुआ है।
बिटकॉइन ETFs में हुआ करीब 2,800 करोड़ रुपये का निवेश
पिछले सप्ताह के मुश्किल दौर के बाद अमेरिकी बिटकॉइन ETFs में लगभग 29.76 करोड़ डॉलर (करीब 2,800 करोड़ रुपये) का निवेश आया, जबकि एथेरियम ETFs से थोड़ी निकासी देखी गई।
हालांकि, विश्लेषकों का कहना है कि 65,000 डॉलर के स्तर पर काफी बिकवाली चल रही है। मुनाफावसूली और बड़े आर्थिक हालात किसी भी तेज उछाल को धीमा कर सकते हैं।
डेल्टा एक्सचेंज की शोध विश्लेषक रिया सहगल बताती हैं कि बिटकॉइन को और बढ़ने के लिए मौजूदा रेजिस्टेंस लेवल के ऊपर बने रहना जरूरी है।
दूसरी तरफ, गीओट्टस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) विक्रम सुब्बराज का कहना है कि अगर, बिटकॉइन 65,000-66,000 (करीब 61.75-62.7 लाख रुपये) के निशान को पार करना चाहता है तो ETF में मजबूत आमद और अधिक स्पॉट ट्रेडिंग बहुत जरूरी है। यह क्रिप्टो मार्केट के लिए आगे बेहतर दिनों का संकेत दे सकता है।