बिटकॉइन करीब 62 लाख रुपये पर पहुंचा, जानिए क्या रही उछाल की वजह
मंगलवार (21 जुलाई) को बिटकॉइन की कीमत 65,380 डॉलर (करीब 62 लाख रुपये) तक पहुंच गई। इस सप्ताह में इसमें 4.66 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई है।
यह उछाल अमेरिकी स्पॉट बिटकॉइन ETF में लगातार 5 दिनों तक हुए निवेश के कारण आया है।
हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि यह अभी सिर्फ सावधानी भरी वापसी है। इसे पूरी तरह से ब्रेकआउट नहीं कहा जा सकता।
ETF में निवेश 5,800 करोड़ रुपये तक पहुंचा
बिटकॉइन ETF में 14 से 20 जुलाई के दौरान कुल 61.05 करोड़ डॉलर (करीब 5,800 करोड़ रुपये) का निवेश आया। इसी की बदौलत हाल की यह बढ़त देखी गई, जिसने कुछ ही दिन पहले हुए बड़े फंड आउटफ्लो को भी पीछे छोड़ दिया।
इसके बावजूद, विश्लेषक बता रहे हैं कि 64,500 से 65,000 डॉलर (करीब 61-62 लाख रुपये) के बीच एक अहम सपोर्ट लेवल अभी बना हुआ है।
वे यह भी चेतावनी दे रहे हैं कि दुनियाभर में चल रहे तनाव और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के आने वाले फैसले बाजार को अभी भी अस्थिर बनाए रख सकते हैं।
अगर, आप अभी इसमें निवेश करने की सोच रहे हैं तो विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि जल्दबाजी करने के बजाय धीरे-धीरे आगे बढ़ें। खासकर 65,000 डॉलर के ऊपर की तेजी के पीछे भागने से बचें क्योंकि बाजार में अभी भी काफी उतार-चढ़ाव बना हुआ है।