बिटकॉइन 8 महीने के निचले स्तर पर पहुंची, 4.8 फीसदी की आई गिरावट
क्या है खबर?
दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन 23 फरवरी को एशियाई बाजार में शुरुआती कारोबार में 8 महीने के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गई। कॉइनमार्केटकैप के आंकड़ों के अनुसार, इसकी कीमत 65,000 डॉलर (करीब 58.5 लाख रुपये) से नीचे आ गई। टोकन की कीमत में 4.8 फीसदी की गिरावट आई और यह लगभग 64,300 डॉलर (करीब 57.87 लाख रुपये) पर आ गया, जो पिछले साल जून के बाद से सबसे कम है।
असर
दूसरी क्रिप्टोकरेंसी पर भी पड़ा असर
ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के अनुसार, बिटकॉइन की गिरावट के साथ-साथ पूरा क्रिप्टोकरेंसी बाजार भी प्रभावित हुआ है। दूसरे सबसे बड़े टोकन एथेरियम में 5.2 फीसदी की गिरावट आई है। कॉइनमार्केटकैप के अनुसार, गिरावट के कारण बिटकॉइन का बाजार पूंजीकरण 1,290 अरब डॉलर (1.16 लाख अरब रुपये) और ट्रेडिंग वॉल्यूम 27.41 अरब डॉलर (करीब 2,460 अरब रुपये) पर पहुंच गया। इसी के साथ क्रिप्टो बाजार पूंजीकरण भी घटकर 2,230 अरब डॉलर (करीब 2 लाख अरब रुपये) रह गया है।
कारण
गिरावट के पीछे यह रही वजह
क्रिप्टोकरेंसी में यह गिरावट राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से लगाए गए अमेरिकी टैरिफ की स्थिति को लेकर बढ़ती अनिश्चितता के बीच आई है। 20 फरवरी को अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने उनके द्वारा लगाए गए वैश्विक टैरिफ को रद्द कर दिया था, लेकिन कुछ ही घंटों के भीतर राष्ट्रपति ने धारा 122 के तहत 10 फीसदी शुल्क फिर से लागू कर दिया। इसके बाद 21 फरवरी को इसे बढ़ाकर 15 फीसदी कर दिया गया।