बिटकॉइन ETF में हुआ करीब 180 अरब रुपये का भारी निवेश
पिछले सप्ताह बिटकॉइन एक्सचेंज-ट्रेडेड फंड (ETF) में करीब 1.92 अरब डॉलर (करीब 180 अरब रुपये) का तगड़ा निवेश आया। यह आंकड़ा पिछले लगभग एक साल में सबसे ज्यादा है।
इसी दौरान बिटकॉइन की कीमत में भी एक सप्ताह में 23 फीसदी की बड़ी उछाल देखने को मिली, जो पिछले 3 साल में सबसे तेज बढ़ोतरी है। अभी यह क्रिप्टोकरेंसी 77,000 डॉलर (करीब 73 लाख रुपये) के आस-पास ट्रेड कर रही है।
आईशेयर्स ने जुटाए करीब 120 अरब रुपये
ब्लैक रॉक का आईशेयर्स बिटकॉइन ट्रस्ट इस निवेश को खींचने में सबसे आगे रहा। इसने 1.3 अरब डॉलर (करीब 120 अरब रुपये) जुटाए, जिससे पिछले सप्ताह हुई निकासी का रुख पूरी तरह पलट गया।
इस तेजी की वजह अमेरिका का लंबे समय वाले सरकारी बॉन्ड वापस खरीदने का प्लान और कुछ ट्रेडर्स द्वारा अपनी शॉर्ट पोजीशन को कवर करने की हड़बड़ी बताई जा रही है।
OKX SG की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) ग्रेस लिन ने इतने बड़े निवेश को बिटकॉइन के प्रति नए सिरे से उमड़े उत्साह का संकेत बताया।
दूसरी तरफ, QCP ग्रुप के सीनियर सेल्स ट्रेडर जेक केंड्रेड का कहना है कि आने वाले समय में बाजार में थोड़ी नरमी आ सकती है, लेकिन बिटकॉइन की मांग अभी भी काफी मजबूत बनी हुई है।