बड़ी ब्लॉक डील के बाद बायोकोन के शेयरों में 2.6 फीसदी का उछाल
बुधवार (9 सितंबर) को बायोकोन के शेयर 2.6 फीसदी बढ़कर 402.65 रुपये पर पहुंच गए। दरअसल, बाॅम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर एक बड़ी ब्लॉक डील हुई, जिसमें कंपनी के 1.65 करोड़ शेयर (कुल हिस्सेदारी का करीब एक फीसदी) 385 रुपये प्रति शेयर के हिसाब से 635 करोड़ रुपये में बेचे गए।
इस सौदे के बाद ट्रू नॉर्थ के स्वामित्व वाली एक्टिव पाइन ने बायोकोन से अपनी हिस्सेदारी बेचकर बाहर निकलने का रास्ता साफ कर लिया है। जानकारी मिली थी कि एक्टिव पाइन अपनी एक फीसदी हिस्सेदारी लगभग 640 करोड़ रुपये में ब्लॉक डील के जरिए बेचने वाली थी।
एक अरब डॉलर राजस्व का लक्ष्य
कंपनी के कारोबार पर नजर डालें तो बायोकोन ने बताया है कि उसका बायोसिमिलर सेगमेंट शानदार बढ़ोतरी के लिए तैयार है। कंपनी को इंसुलिन की ऊंची मांग और एफ्लिबरसेप्ट जैसे नए उत्पादों के चलते इस सेगमेंट से एक अरब डॉलर (करीब 95 अरब रुपये) का राजस्व मिलने की उम्मीद है।
कंपनी के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) श्रीहास एल तांबे ने राजस्व में दोहरे अंकों की वृद्धि और लाभ मार्जिन के 20 फीसदी के मध्य में रहने को लेकर भरोसा जताया है। हाल में थोड़ी गिरावट के बावजूद इस साल बायोकोन के शेयर अब तक 3.8 फीसदी ऊपर हैं।