बायोकॉन के शेयरों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला, जब अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने कंपनी की नवीनतम कैंसर दवा बायोसिमिलर पेब्रिलजो को मंजूरी दे दी।
यह अमेरिका में बायोकॉन का 5वां ऑन्कोलॉजी बायोसिमिलर है, जिसे नियामक से हरी झंडी मिली है।
उम्मीद है कि इससे HER2-पॉजिटिव स्तन कैंसर के मरीजों को इलाज के लिए किफायती और ज्यादा विकल्प मिल पाएंगे।
पेर्जेता की तरह काम करता है पेब्रिलजो
पेब्रिलजो बिल्कुल पेर्जेता की तरह काम करता है। यह शुरुआती और गंभीर HER2-पॉजिटिव स्तन कैंसर दोनों का इलाज कैंसर कोशिकाओं पर मौजूद खास रिसेप्टर्स को निशाना बनाकर करता है।
हालांकि, इसकी सुरक्षा को लेकर कुछ खास बातें भी हैं। चिकित्सकों को मरीजों में हृदय से जुड़ी संभावित समस्याओं पर कड़ी नजर रखनी होगी। साथ ही मरीजों को गर्भनिरोधक का इस्तेमाल करने की भी सलाह दी गई है।
बायोकॉन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और प्रबंध निदेशक श्रीहास तांबे ने इस मंजूरी को एक बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि पेब्रिलजो को अमेरिकी FDA से मंजूरी मिलना, गुणवत्तापूर्ण बायोसिमिलर दवाएं ज्यादा लोगों तक पहुंचाने की बायोकॉन की कोशिशों में एक अहम पड़ाव है। इससे लोगों को बिना ज्यादा पैसा खर्च किए अच्छी देखभाल मिल सकेगी।