बिल गेट्स ने फिर उठाई रोबोट टैक्स लगाने की मांग, जानिए क्या है इसका मकसद
माइक्रोसॉफ्ट के सह संस्थापक बिल गेट्स ने एक बार फिर से यह बात उठाई है कि रोबोट पर टैक्स लगना चाहिए। उनको उम्मीद है कि इससे उन लोगों को सहारा मिल पाएगा, जिनकी नौकरियां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के कारण छिन रही हैं।
न्यूयॉर्क टाइम्स के एज्रा क्लेन को दिए एक साक्षात्कार में गेट्स ने सुझाव दिया कि रोबोट को भी इंसानों की तरह ही फेडरल इंश्योरेंस कंट्रीब्यूशंस एक्ट (FICA) टैक्स देना चाहिए। ऐसा करने से प्रभावित लोगों की मदद भी हो सकेगी और सरकारी खजाना भी ठीक बना रहेगा।
नौकरियों में बड़े उलटफेर की आशंका
गेट्स का कहना है कि AI की वजह से व्हाइट-कॉलर नौकरियों में पहले ही काफी बदलाव आ चुका है और अब ब्लू-कॉलर नौकरियों पर भी इसका असर दिख सकता है।
उनका मानना है कि अगर, रोबोट के काम पर टैक्स लगाया जाए तो कंपनियां इतनी जल्दी लोगों को नौकरी से नहीं निकालेंगी और टैक्स से जो पैसा आएगा, उसका इस्तेमाल कर्मचारियों को दोबारा ट्रेनिंग देने में किया जा सकेगा।
एंथ्रोपिक और OpenAI जैसी AI कंपनियों के बड़े अधिकारी भी इस बात से सहमत हैं कि इसकी वजह से नौकरियों के बाजार में जो बदलाव आ रहा है, उसे देखते हुए नए टैक्स लगाने की जरूरत पड़ सकती है।