बिल गेट्स ने मानी निजी रिश्तों की बात, जेफरी एपस्टीन पर लगाया दबाव बनाने का आरोप
क्या है खबर?
माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स ने अमेरिकी कांग्रेस की एक समिति के सामने बंद कमरे में गवाही देते हुए बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि बदनाम फाइनेंसर जेफरी एपस्टीन ने उनकी निजी जिंदगी से जुड़ी जानकारी का इस्तेमाल कर उन पर दबाव बनाने की कोशिश की थी। गेट्स ने यह भी स्वीकार किया कि उनके कुछ निजी संबंध थे, जिनकी जानकारी एपस्टीन को थी। हालांकि, उन्होंने कहा कि इनका एपस्टीन के साथ उनके संपर्क से कोई संबंध नहीं था।
ब्लैकमेल
ब्लैकमेल की कोशिश का जताया शक
गेट्स ने समिति को बताया कि एपस्टीन ने उन्हें कभी सीधे ब्लैकमेल नहीं किया, लेकिन उन्हें लगता है कि वह ऐसा करने की योजना बना रहा था। गेट्स के अनुसार, एपस्टीन के कुछ ईमेल ड्राफ्ट और संदेशों से ऐसा संकेत मिलता है कि वह उनकी निजी जानकारी का फायदा उठाकर दोबारा संपर्क बनाए रखने का दबाव बनाना चाहता था। उन्होंने कहा कि इसमें सच और झूठ दोनों तरह की बातें शामिल थीं।
मुलाकात
एपस्टीन से मुलाकात को बताया गलती
गेट्स ने कहा कि वह चार वर्षों के दौरान एपस्टीन से करीब 12 से 14 बार मिले और दो बार वीडियो कॉल पर उसके साथ कुछ बात भी हुई। उनके अनुसार, इन मुलाकातों का मकसद परोपकारी कामों और संभावित दानदाताओं से जुड़ी चर्चाएं ही थीं। उन्होंने साफ कहा कि एपस्टीन के अपराधों से उनका कोई संबंध नहीं था और उससे लगातार संपर्क बनाए रखना उनकी एक बड़ी गलती साबित हुई।
आरोप
दूसरे आरोपों से भी किया इनकार
सुनवाई के दौरान गेट्स से स्वास्थ्य और निजी जीवन से जुड़े कुछ अन्य आरोपों पर भी सवाल पूछे गए। उन्होंने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उन्हें कभी कोई यौन संचारित संक्रमण नहीं हुआ और उन्होंने किसी को गुप्त रूप से कोई दवा नहीं दी। इस बीच, एपस्टीन से जुड़े पुराने संपर्कों को लेकर गेट्स फाउंडेशन ने भी अपनी पिछली बातचीत की बाहरी समीक्षा शुरू करने की घोषणा की है।