बिगबास्केट के CEO हरि मेनन दिया इस्तीफा, कंपनी के बोर्ड में होंगे शामिल
बिगबास्केट में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। कंपनी के सह संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) हरि मेनन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
इसकी मूल कंपनी टाटा डिजिटल अपनी कंपनियों के नुकसान को कम करने और मुनाफे में लाने की कोशिश कर रहा है और यह फैसला उसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
हालांकि, मेनन पूरी तरह से कंपनी से अलग नहीं हो रहे हैं। वे अब कंपनी के बोर्ड में शामिल होंगे और नए CEO अमित नंदा का मार्गदर्शन करेंगे। नंदा को अमेजन के साथ ई-कॉमर्स का लंबा अनुभव है।
टाटा डिजिटल को हुआ 4,609.9 करोड़ रुपये का नुकसान
वित्तीय वर्ष 2024-25 में टाटा डिजिटल को 4,609.9 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है। इस दौरान कंपनी का कुल राजस्व 32,188 करोड़ रुपये रहा।
पिछले वित्तीय वर्ष 2023-24 में भी कंपनी को 4,246 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। बाजार में जेप्टो और ब्लिंकिट जैसी तेजी से डिलीवरी करने वाली कंपनियों से कड़ी टक्कर मिल रही है।
साथ ही, ग्राहकों की उम्मीदें भी बदल रही हैं, ऐसे में कंपनी लॉजिस्टिक्स और डार्क स्टोर्स में ज्यादा निवेश कर रही है। इसके अलावा, कंपनी अपनी कार्यप्रणाली को भी बेहतर बनाने पर जोर दे रही है, ताकि कार्यक्षमता बढ़ाई जा सके।