LOADING...
बेंटले मोटर्स करेगी कर्मचारियों की छंटनी, इतने लोगों की जा सकती है नौकरी
बेंटले मोटर्स करेगी कर्मचारियों की छंटनी

बेंटले मोटर्स करेगी कर्मचारियों की छंटनी, इतने लोगों की जा सकती है नौकरी

Mar 17, 2026
07:18 pm

क्या है खबर?

दिग्गज कार निर्माता कंपनी बेंटले मोटर्स ने अपने कर्मचारियों की संख्या घटाने का फैसला लिया है। कंपनी ने कहा है कि वह कारोबार पर बढ़ते दबाव के बीच लागत कम करने के लिए यह कदम उठा रही है। चीन में बिक्री में गिरावट, इलेक्ट्रिक कारों की कमजोर मांग और अमेरिकी टैरिफ जैसी वजहों ने कंपनी की स्थिति को प्रभावित किया है, जिसके चलते अब यह बड़ा फैसला लिया गया है।

संख्या

कितनी नौकरियां जाएंगी और किस पर असर?

कंपनी करीब 275 कर्मचारियों की छंटनी कर सकती है, जो उसके कुल वर्कफोर्स का लगभग 6 प्रतिशत है। बेंटले ने साफ किया है कि यह कटौती मुख्य रूप से ऑफिस से जुड़े काम करने वाले कर्मचारियों पर असर डालेगी, जबकि मैन्युफैक्चरिंग यूनिट पर इसका असर कम रहेगा। कंपनी ने यह भी कहा कि कुछ पद खाली छोड़कर और स्वैच्छिक इस्तीफों के जरिए इस संख्या को कम किया जा सकता है।

रणनीति

बाजार दबाव और रणनीति में बदलाव

कंपनी के अनुसार, ऑटो इंडस्ट्री इस समय हर तरफ से दबाव में है, इसलिए लागत और दक्षता पर ध्यान देना जरूरी हो गया है। बेंटले को पिछले साल टैरिफ के कारण करीब 4.2 करोड़ यूरो (लगभग 450 करोड़ रुपये) का नुकसान हुआ था। इसके अलावा, इलेक्ट्रिक कारों की मांग उम्मीद से कम रहने के कारण कंपनी ने अपनी EV योजना को भी धीमा कर दिया है, जिससे उसके भविष्य की रणनीति में बदलाव देखने को मिल रहा है।

Advertisement

असर

इलेक्ट्रिक प्लान और बिक्री पर असर

बेंटले ने पहले पूरी तरह इलेक्ट्रिक कार बनाने का लक्ष्य रखा था, लेकिन अब वह 2035 के बाद भी पेट्रोल इंजन वाले मॉडल जारी रख सकती है। कंपनी अपनी पहली इलेक्ट्रिक SUV लॉन्च करने की योजना पर कायम है, लेकिन यह 2030 से पहले नहीं आएगी। पिछले साल कंपनी की बिक्री में 5 प्रतिशत गिरावट आई। हालांकि, ऊंची कीमतों की वजह से कुल राजस्व में सिर्फ 1 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।

Advertisement