Loading...
ब्रिटेन के बैंकिंग समूह बार्कलेज में बड़े स्तर पर छंटनी, लगभग 5,000 नौकरियां होंगी खत्म
ब्रिटेन के बैंकिंग समूह बार्कलेज में बड़े स्तर पर छंटनी

ब्रिटेन के बैंकिंग समूह बार्कलेज में बड़े स्तर पर छंटनी, लगभग 5,000 नौकरियां होंगी खत्म

Oct 22, 2026
03:00 pm

क्या है खबर?

ब्रिटेन का बैंकिंग समूह बार्कलेज बड़े स्तर पर कर्मचारियों की छंटनी कर रही है। बैंक अपने यहां करीब 5,000 पद खत्म करने की तैयारी में है। कंपनी के मुताबिक, अब तक 1,000 पदों पर कटौती की जा चुकी है, जबकि बाकी 4,000 पद 2026 के अंत तक समाप्त किए जा सकते हैं। यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है, जब बैंक अपने कामकाज में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल बढ़ाने पर जोर दे रहा है।

वजह

AI के इस्तेमाल से कम होगी कर्मचारियों की जरूरत

बार्कलेज अपने कामकाज को आसान बनाने और खर्च घटाने के लिए तकनीक में लगातार निवेश कर रहा है।

बैंक के अनुसार, AI की मदद से कई प्रक्रियाएं तेजी से पूरी की जा सकती हैं। इससे कुछ कामों के लिए कर्मचारियों पर निर्भरता कम हो सकती है। बैंक पिछले 3 वर्षों से खर्च घटाने की योजना पर काम कर रहा है।

नौकरियों में कटौती को इसी योजना और तकनीकी बदलावों का हिस्सा माना जा रहा है।

असर

कुल कर्मचारियों के 5 प्रतिशत पद होंगे खत्म

बार्कलेज में होने वाली छंटनी उसके दुनियाभर के कुल कर्मचारियों का करीब 5 प्रतिशत है।

इसका सबसे ज्यादा असर कामकाज संभालने वाले और अन्य सहायक विभागों के पदों पर पड़ने की बात कही गई है। बैंक की ब्रिटेन स्थित खुदरा बैंकिंग इकाई इस खर्च घटाने की योजना का प्रमुख केंद्र रही है।

हालांकि, निवेश बैंकिंग विभाग भी इससे प्रभावित हुआ है। इस फैसले से बैंकिंग क्षेत्र में AI के बढ़ते इस्तेमाल और असर को लेकर चर्चा तेज हो सकती है।

ADVERTISEMENT

अन्य

3 महीने में बैंक ने कमाया 2.3 अरब पाउंड का मुनाफा

बार्कलेज ने बताया कि पिछले 3 महीनों में उसने 2.3 अरब पाउंड का मुनाफा कमाया, जो पिछले साल से अधिक है।

हालांकि, यह बाजार के अनुमान से थोड़ा कम रहा। बैंक के CEO सीएस वेंकटकृष्णन ने कहा कि नौकरियों में कटौती कई वर्षों से तकनीक में किए जा रहे निवेश का नतीजा है।

अर्थशास्त्री भी कंपनियों के नतीजों पर नजर रख रहे हैं, ताकि पता चल सके कि AI से कामकाज और रोजगार पर कितना असर पड़ रहा है।

ADVERTISEMENT