बैंक शेयरों में बढ़त से सेंसेक्स 250 अंक उछला, निफ्टी 24,300 के पार
भारतीय शेयर बाजार ने सोमवार (6 जुलाई) को अच्छी शुरुआत की है। सेंसेक्स 250 अंक उछलकर 78,020 पर पहुंच गया और निफ्टी ने 24,300 का स्तर पार कर लिया।
कच्चे तेल की कीमतों में कमी और अच्छे मानसून की खबर ने निवेशकों का उत्साह बढ़ाया, लेकिन बैंकिंग शेयरों ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं।
दरअसल, पहली तिमाही के नतीजों का सीजन शुरू होने से ठीक पहले बैंकों से जुड़े कारोबार के अच्छे अपडेट्स सामने आए थे।
विदेशी निवेशकों की खरीदारी से बेहतर हुआ प्रदर्शन
HDFC बैंक ने जून में कर्ज और जमा में अच्छी बढ़त दर्ज करने के बाद 1.73 फीसदी की उछाल देखी, वहीं एक्सिस बैंक और ICICI बैंक ने भी बढ़त दर्ज की है।
BEL करीब 3 फीसदी बढ़कर सेंसेक्स के सभी शेयरों में सबसे आगे रहा। दूसरी तरफ, कोटक महिंद्रा बैंक 3 फीसदी से ज्यादा गिर गया।
जियोजित इंवेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार डॉ. वीके विजयकुमार ने बताया कि विदेशी निवेशकों ने दोबारा खरीदारी शुरू कर दी है। उन्हें इस तिमाही में बैंकों और ऑटो कंपनियों से अच्छे नतीजे की उम्मीद है। हालांकि, वैश्विक दबाव की वजह से IT कंपनियों के लिए आगे का समय थोड़ा मुश्किल हो सकता है।