बैंक ऑफ बड़ौदा ने शुरू की नई NBFC कंपनी, सरकारी बॉन्ड में निवेश होगा आसान
बैंक ऑफ बड़ौदा (BOB) ने अपनी एक नई कंपनी बॉब सिक्योरिटीज एंड गिल्टएज लिमिटेड शुरू की है। यह कंपनी अब नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी (NBFC-ND-ICC) के तौर पर काम करेगी। यह नई कंपनी सरकारी बॉन्ड और डेट मार्केट पर खास ध्यान देगी। इसका मकसद ट्रेडिंग को और आसान बनाना है, ताकि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के रिटेल डायरेक्ट प्लेटफॉर्म के जरिए ज्यादा से ज्यादा लोग निवेश कर सकें।
बढ़ेगी सेवाओं में विविधता
BOB के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) देबदत्त चांद ने इसे एक बहुत बड़ा कदम बताया है। उन्होंने कहा कि इस कदम से बैंक बड़े फाइनेंशियल मार्केट में अपनी पहचान मजबूत कर पाएगा और अपनी सेवाओं में भी विविधता ला पाएगा। इस नई कंपनी की शुरुआत के साथ ही इसका नया ब्रांड भी सामने आया और इसकी नई वेबसाइट बॉबगिल्टएज डॉट इन भी लॉन्च की गई।
बैंक को सरकार का मजबूत समर्थन हासिल है और यह कदम बैंक की बड़ी फाइनेंस इंडस्ट्री में अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखने की रणनीति का हिस्सा है।