एक्सिओम स्पेस को मिला 3,200 करोड़ रुपये का बड़ा निवेश, जानिए कहां होगा उपयोग
क्या है खबर?
अमेरिका की अंतरिक्ष कंपनी एक्सिओम स्पेस ने बड़ा निवेश हासिल किया है। यह निवेश अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर की समर्थित कंपनी ने किया है। कंपनी ने कुल 35 करोड़ डॉलर (लगभग 3,200 करोड़ रुपये) की नई फंडिंग जुटाई है। इस निवेश राउंड में कतर का सॉवरेन वेल्थ फंड और अन्य अंतरराष्ट्रीय निवेशकों ने भी भाग लिया। एक्सिओम स्पेस पहले से ही नासा के साथ मिलकर अंतरिक्ष मिशनों पर काम कर रही है।
उपयोग
फंडिंग का उपयोग कैसे करेगी कंपनी?
कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि जुटाई गई राशि का उपयोग नए कमर्शियल स्पेस स्टेशन के निर्माण में किया जाएगा। यह स्टेशन भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (ISS) की जगह लेने की तैयारी में है। इसके अलावा, कंपनी चांद मिशन के लिए बनाए जा रहे स्पेससूट को और बेहतर बनाने पर भी खर्च करेगी। दो नए मॉड्यूल तैयार किए जा रहे हैं, जिन पर यह निवेश लगाया जाएगा।
साझेदारी
नासा और स्पेस-X के साथ साझेदारी
एक्सिओम स्पेस पिछले कुछ वर्षों से स्पेस-X के साथ मिलकर निजी और सरकारी अंतरिक्ष यात्रियों को अंतरिक्ष स्टेशन तक भेज रही है। हाल ही में नासा ने कंपनी को 2027 के लिए एक और प्राइवेट एस्ट्रोनॉट मिशन सौंपा है। नासा अपने आर्टेमिस मिशन के तहत चांद पर दोबारा इंसान भेजने की तैयारी कर रहा है। स्पेससूट से जुड़ी तकनीकी चुनौतियों के बावजूद कंपनी ने तय समय पर डिलीवरी का भरोसा जताया है।
सेक्टर
अंतरिक्ष सेक्टर में बढ़ती दिलचस्पी
यह फंडिंग ऐसे समय में आई है जब अंतरिक्ष तकनीक क्षेत्र में निवेशकों की रुचि तेजी से बढ़ रही है। बड़े अंतरिक्ष मिशनों और निजी कंपनियों की भागीदारी से इस सेक्टर को नई गति मिल रही है। अमेरिका में अंतरिक्ष कार्यक्रमों को लेकर नीतिगत बदलाव और चांद मिशन की योजनाओं ने भी उत्साह बढ़ाया है। एक्सिओम स्पेस का कहना है कि वह विकास कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए पूरी तैयारी में है।