AI के कारण नौकरियां जाने की आशंकाओं को AWS प्रमुख ने किया खारिज
अमेजन वेब सर्विसेज (AWS) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) मैट गार्मन का कहना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आपकी नौकरी चुराने नहीं आया है।
प्लेटफार्मर पॉडकास्ट पर उन्होंने उन आशंकाओं को खारिज किया, जिनमें कहा जा रहा था कि AI शुरुआती दफ्तरों वाली आधी नौकरियां खत्म कर देगा।
उनके मुताबिक, AI लोगों को बेकार नहीं बना रहा, बल्कि हमारे काम करने के तरीके को बदल रहा है। साथ ही नए अवसर भी पैदा कर रहा है।
अमेजन की 11,000 इंटर्न और ग्रेजुएट्स को नियुक्त करने की योजना
जहां AI से शुरुआती नौकरियां खत्म होने की चर्चा है, वहीं अमेजन ने 2026 में 11,000 इंटर्न और ग्रेजुएट्स को भर्ती करने का फैसला किया है।
गार्मन मानते हैं कि कंपनी में नए चेहरों के आने से जोश और उत्साह आता है। वे माहौल के हिसाब से खुद को आसानी से ढाल लेते हैं। उन्होंने आगे कहा कि AI से चलने वाली दुनिया में नए कौशल सीखना बहुत अहम है। उनके मुताबिक, एक्सेल जैसी तकनीक ने भी नौकरियां खत्म नहीं कीं, बल्कि उन्हें बदल दिया।
उनका मानना है कि AI के साथ भी ठीक ऐसा ही होगा। उन्होंने साफ कहा, "नई नौकरियां पैदा होंगी। अगर, आप यह सोचते हैं कि आधी नौकरियां खत्म हो जाएंगी तो पूरी अर्थव्यवस्था ही बिखर जाएगी।"