Loading...
पर्सनल लोन के लिए ऑनलाइन आवेदन करते समय न करें ये गलतियां
लोन के लिए ऑनलाइन आवेदन करते समय न करें गलतियां

पर्सनल लोन के लिए ऑनलाइन आवेदन करते समय न करें ये गलतियां

Sep 22, 2026
09:40 am

क्या है खबर?

पर्सनल लोन के लिए आवेदन करना अब काफी आसान हो गया है। घर बैठे पहचान से जुड़े दस्तावेज, बैंक की जानकारी और दूसरी जरूरी जानकारी देकर आवेदन पूरा किया जा सकता है। आवेदन करते समय यह समझना भी जरूरी है कि आपका निजी डाटा किसके पास जा रहा है और उसका इस्तेमाल कैसे होगा। RBI ने डिजिटल लोन देने वाली संस्थाओं के लिए डाटा और गोपनीयता से जुड़े नियम बनाए हैं, ताकि जानकारी का गलत इस्तेमाल न हो।

#1

पहले जांचें कौन दे रहा है लोन

लोन के लिए आधार, पैन या बैंक की जानकारी देने से पहले यह जरूर जांचें कि पैसा देने वाली कंपनी कौन है।

RBI की सलाह है कि किसी लोन ऐप को डाउनलोड करने के बजाय बैंक या NBFC की आधिकारिक वेबसाइट से उसकी जानकारी जांचें। SMS, सोशल मीडिया या अनजान व्यक्ति से मिले लिंक के जरिए आवेदन करने से बचना चाहिए।

केवल ऐप देखने में अच्छा या भरोसेमंद लगे, इसलिए उसे असली मान लेना सही नहीं है।

#2

जरूरत से ज्यादा डाटा न दें

डिजिटल लोन देने वाली कंपनियां ग्राहक से वही जानकारी मांग सकती हैं, जिसकी लोन देने या उसकी सेवा के लिए जरूरत हो।

नियमों के अनुसार, डाटा लेने से पहले ग्राहक की साफ सहमति जरूरी है और ग्राहक को किसी खास जानकारी के इस्तेमाल की अनुमति देने या मना करने का अधिकार होना चाहिए।

इसलिए अगर कोई ऐप ऐसे डाटा या फोन की अनुमति मांगता है, जिसका लोन से सीधा संबंध समझ नहीं आता, तो पहले उसकी जरूरत जरूर पूछें।

ADVERTISEMENT

#3

OTP और पिन कभी न बताएं

लोन लेते समय OTP, ATM पिन, UPI पिन, इंटरनेट बैंकिंग पासवर्ड और CVV जैसी जानकारी किसी एजेंट या दूसरे व्यक्ति के साथ साझा नहीं करनी चाहिए।

किसी लोन ऐप को भी फोन के कॉन्टैक्ट, फोटो या दूसरी निजी जानकारी की जरूरत से ज्यादा अनुमति देने से बचें। आवेदन करने से पहले उसकी प्राइवेसी पॉलिसी पढ़ना भी जरूरी है।

किसी गड़बड़ी का शक हो तो लोन देने वाली संस्था की शिकायत बिना किसी देरी के करें।

ADVERTISEMENT