अक्टूबर में अमेरिका में बेरोजगारी की औसत अवधि 27 सप्ताह को पार कर गई है। महामारी के सालों को छोड़ दें तो 2016 के बाद यह पहली बार है कि लोग इतने लंबे समय तक बेरोजगार रह रहे हैं।
लगभग 20 लाख लोग ऐसे हैं, जिन्हें 6 महीने से भी ज्यादा समय से कोई काम नहीं मिला है।
यह आंकड़ा कुल बेरोजगार अमेरिकियों का 27.6 फीसदी है। ऐसे में कई लोगों के लिए दोबारा नौकरी पाना बहुत मुश्किल हो रहा है।
26 सप्ताह तक मिलता है बेरोजगारी भत्ता
अब नौकरी ढूंढने में औसतन लगभग 7 महीने का समय लग रहा है। इसकी एक वजह यह भी है कि कंपनियां अभी जोखिम लेने से बच रही हैं। वे अपने पुराने कर्मचारियों को तो रखे हुए हैं, लेकिन नए लोगों को नौकरी पर कम ही रख रही हैं।
बेरोजगारी भत्ता आमतौर पर 26 सप्ताह के बाद मिलना बंद हो जाता है। ऐसे में कई लोग आर्थिक तंगी से जूझने लगते हैं और उन्हें मजबूरन ऐसी नौकरियां करनी पड़ती हैं, जो उनकी काबिलियत या वेतन के हिसाब से सही नहीं होतीं।
इस लंबी बेरोजगारी से निकल पाना और भी मुश्किल हो जाता है, खासकर उन युवा कर्मचारियों के लिए जो अपना करियर बनाना चाहते हैं।