ऑटोडेस्क ने की टेक्नोलॉजी के प्रति भारत की खुली सोच की सराहना
ऑटोडेस्क के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) एंड्रयू अनाग्नोस्ट ने नए टेक के प्रति भारत की खुली सोच की जमकर तारीफ की है।
लास वेगास में ऑटोडेस्क यूनिवर्सिटी 2026 में बोलते हुए उन्होंने बताया कि भारतीय मंत्री यूरोप या अमेरिका के अपने समकक्षों से कहीं ज्यादा आसानी से उपलब्ध और मिलनसार हैं। यह बात इस ओर इशारा करती है कि भारत अपने 'मेक इन इंडिया' अभियान को कितना गंभीरता से ले रहा है, जिसके तहत डिजाइन और मैन्युफैक्चरिंग को आधुनिक बनाने पर खास ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि ऑटोडेस्क की बेंगलुरु में एक रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D) यूनिट है और अमेरिका के बाहर भारत में ही उनके सबसे ज्यादा कर्मचारी काम करते हैं।
ऑटोडेस्क ने किया अडाणी समूह में निवेश
ऑटोडेस्क, अडाणी समूह के साथ मिलकर दुनियाभर के इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन को तेज करने में जुटा है।
इस साझेदारी के तहत ऑटोडेस्क ने 20 करोड़ डॉलर (करीब 1,900 करोड़ रुपये) का निवेश किया है और वर्ल्ड लैब्स के साथ भी हाथ मिलाया है।
भारत में इतनी बड़ी स्थानीय प्रतिभा और इन नई साझेदारियों को देखते हुए ऑटोडेस्क देश को अपनी वैश्विक वृद्धि के केंद्र में मानता है। यह तब और भी अहम हो जाता है, जब कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित समाधानों पर अपना ध्यान दोगुना कर रही है।