ऑस्ट्रेलिया के NAB बैंक ने गलती से कर्मचारियों को भेजे छंटनी के ईमेल, मांगी माफी
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया के नेशनल ऑस्ट्रेलिया बैंक (NAB) ने कुछ कर्मचारियों को छंटनी के ईमेल भेजने पर माफी मांगी है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, 23 नवंबर को बैंक ने इस गलती की पुष्टि की है। ये ईमेल उन कर्मचारियों को मिले थे, जिन्होंने स्वैच्छिक नौकरी छोड़ने के बदले मिलने वाले पैकेज के लिए आवेदन किया था। आवेदन पर फैसला सुनाए जाने से पहले ही कुछ कर्मचारियों को ईमेल से अपने बाहर होने की जानकारी मिल गई।
ऑटोमेटेड सिस्टम
ऑटोमेटेड सिस्टम की गलती से पहले पहुंच गए ईमेल
बैंक के मुताबिक, कर्मचारियों को उनके आवेदन का नतीजा व्यक्तिगत रूप से बताने के बाद ही ईमेल भेजे जाने थे।
हालांकि, ऑटोमैटिक सिस्टम ने ये मैसेज समय से पहले भेज दिए। बैंक ने यह नहीं बताया कि कितने कर्मचारी इस गलती से प्रभावित हुए। अपने इंटरनल प्लेटफॉर्म पर जारी बयान में NAB ने कहा कि उसे इस घटना का अफसोस है।
बैंक अब प्रभावित कर्मचारियों से तय समय से पहले संपर्क कर उन्हें फैसले की जानकारी देगा।
योजना
अगले साल तक 2,500 पद खत्म करने की योजना
NAB ने पिछले महीने अगले 12 महीनों में करीब 2,500 पद खत्म करने की योजना घोषित की थी।
यह संख्या उसके कुल कर्मचारियों का लगभग 6 प्रतिशत है। बैंक के मुताबिक, इस कदम का उद्देश्य कामकाज को आसान बनाना और खर्च घटाना है। ऑस्ट्रेलिया की कई अन्य कंपनियों ने भी इस साल छंटनी की घोषणा की है।
इनमें क्वांटास, कैनवा, वाइजटेक ग्लोबल और एटलसियन शामिल हैं। कुछ कंपनियों ने इसके लिए ऑटोमैटिक और AI को वजह बताया है।
चिंता
कमजोर रोजगार बाजार के बीच बढ़ी छंटनी की चिंता
ऑस्ट्रेलिया में इससे पहले ANZ बैंक भी ऐसी गलती कर चुका है।
उसके 100 से अधिक वरिष्ठ बैंकरों को नौकरी जाने की जानकारी मिलने से पहले लैपटॉप लौटाने के ईमेल मिले थे। बैंक ने बाद में माफी मांगी थी। अब कमजोर रोजगार बाजार के बीच छंटनी की घटनाएं चिंता बढ़ा रही हैं।
वित्त मंत्री जिम चाल्मर्स ने बेरोजगारी दर पांच प्रतिशत से ऊपर जाने की आशंका जताई है। फिलहाल यह दर 4.9 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है।