AU बैंक कर रहा डाटा लीक की जांच, 28.5 लाख ग्राहकों की जानकारी पर खतरा
बिज़नेस
AU स्मॉल फाइनेंस बैंक एक संभावित डाटा लीक मामले की जांच में जुटा है। आशंका है कि एक थर्ड-पार्टी सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म के जरिए उसके वाहन ऋण ग्राहकों की जानकारी लीक हो गई है।
इस मामले की गहराई से पड़ताल करने और सच्चाई का पता लगाने के लिए बैंक ने साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों को बुलाया है।
बैंक ने RBI और CERT-In को दी जानकारी
बैंक ने इस पूरे मामले की जानकारी भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) और भारतीय कंप्यूटर आपातकालीन प्रतिक्रिया दल (CERT-In) को दे दी है।
दरअसल, यह प्लेटफॉर्म जिसे एक ग्लोबल वेंडर चलाता है, उसमें करीब 28.5 लाख वाहन ऋण ग्राहकों का डाटा मौजूद है।
बैंक ने भरोसा दिलाया है कि उसके मुख्य सिस्टम पूरी तरह सुरक्षित हैं और उसकी सेवाओं में भी कोई बाधा नहीं आई है। उसने यह भी कहा कि ग्राहकों के डाटा की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और वह लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।