सॉफ्टबैंक प्रमुख ने AI के विकास को समय रहते संभालने की दी चेतावनी
सॉफ्टबैंक ग्रुप के प्रमुख मसायोशी सोन ने सभी को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े खतरों के प्रति आगाह किया है। उन्होंने क्योटो में एक मंच पर कहा कि अगर, AI के विकास को ध्यान से नहीं संभाला गया तो यह बेहद खतरनाक हो सकता है। बता दें कि सॉफ्टबैंक ने OpenAI में करीब 65 अरब डॉलर (करीब 6,100 अरब रुपये) का भारी निवेश किया है।
GDP में AI के बड़े योगदान का अनुमान
सोन मानते हैं कि AI और मशीन लर्निंग वाली मशीनें 2040 तक दुनिया के सकल घरेलू उत्पाद (GDP) में कम से कम 20 फीसदी तक का योगदान कर सकती हैं।
हालांकि, वे हाल के महीनों में AI मॉडल्स से जुड़े सुरक्षा खतरों और चौंकाने वाले सुरक्षा उल्लंघनों को लेकर बेहद चिंतित हैं। उन्होंने सभी देशों से एक साथ मिलकर काम करने का आह्वान करते हुए कहा, "अब इंसानों के पास आपस में लड़ने का समय नहीं बचा है।" इसी बीच, अमेरिका और 16 दूसरे देशों (चीन को छोड़कर) ने वैज्ञानिक खोजों में तेजी लाने के लिए AI के उपयोग की एक नई योजना भी शुरू की है।