ITR-3 या ITR-4 दाखिल करने की अंतिम तारीख 31 अगस्त तक बढ़ी
आकलन वर्ष 2026-27 के लिए इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) दाखिल करना अब थोड़ा आसान हो गया है। अगर, आप ITR-3 या ITR-4 का इस्तेमाल कर रहे हैं और आपको टैक्स ऑडिट नहीं कराना है तो आपके पास रिटर्न दाखिल करने के लिए 31 अगस्त तक का समय है।
पहले के मुकाबले अब आपको एक महीने की ज्यादा मोहलत मिल गई है। दूसरी तरफ, जो लोग ITR-1 या ITR-2 भर रहे हैं, उनके लिए 31 जुलाई आखिरी तारीख रहेगी।
क्या है रिटर्न अपडेट करने की आखिरी तारीख?
आप अपनी रिटर्न में गलतियां सुधार सकते हैं या उसे अपडेट कर सकते हैं। इसके लिए भी आपको 31 मार्च, 2027 तक का समय मिल गया है। पहले यह अवधि 3 महीने कम थी।
यह उन फ्रीलांसर्स और छोटे बिजनेस चलाने वालों के लिए बहुत अच्छी खबर है, जिन्हें अपना काम निपटाने के लिए ज्यादा समय की जरूरत होती है।
ध्यान रहे कि ITR देर से दाखिल करने पर जुर्माना भी देना पड़ सकता है। अगर, आपकी कमाई 5 लाख रुपये से ज्यादा है तो यह जुर्नामा 5,000 रुपये तक हो सकता है।
साथ ही, जो टैक्स आपने अभी तक नहीं चुकाया है, उस पर ब्याज भी लगेगा। तारीखें चूकने से आपको कई और मुश्किलों का सामना भी करना पड़ सकता है। आप अपने पिछले नुकसान को आगे नहीं ले जा पाएंगे या फिर आप किस टैक्स व्यवस्था में आते हैं, इस पर भी असर पड़ेगा। इसलिए इन तारीखों का ध्यान रखना बहुत जरूरी है।