अमेरिका के दावों के बीच ASML ने कहा- चीन को नहीं भेजी एक भी EUV मशीन
चिप उपकरण बनाने वाली यूरोप की सबसे बड़ी कंपनी ASML ने अमेरिका की उन चिंताओं को खारिज किया है, जिनमें यह आशंका जताई गई थी कि उसकी अत्याधुनिक EUV तकनीक चीन तक पहुंच गई होगी।
कंपनी ने स्पष्ट किया है, "ASML ने चीन को कभी कोई EUV मशीन नहीं भेजी है और न ही कोई ऐसा कॉम्पोनेंट, मॉड्यूल या उपकरण भेजा है, जो खास तौर पर EUV मशीन में इस्तेमाल के लिए डिजाइन किया गया हो।"
उसका यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिकी व्यापार सचिव हावर्ड लटनिक ने कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ इस संभावित लीक को लेकर चिंता जताई थी।
नीदरलैंड सरकार ने किया कंपनी का समर्थन
ASML का समर्थन करते हुए नीदरलैंड सरकार ने बताया कि उनके देश में संवेदनशील तकनीक के लिए कड़े निर्यात नियंत्रण और लाइसेंसिंग के नियम लागू हैं।
अधिकारियों ने बताया कि यूरोप और राष्ट्रीय कानूनों के तहत ऐसे उत्पादों का निर्यात कड़ाई से नियंत्रित किया जाता है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब अमेरिका और उसके सहयोगी एडवांस सेमीकंडक्टर क्षेत्र में चीन की प्रगति को सीमित करने की कोशिश कर रहे हैं। खास तौर पर तब, जब ऐसी खबरें सामने आई हैं कि पहले ASML के साथ काम करने वाले कुछ चीनी शोधकर्ताओं ने स्वतंत्र रूप से EUV तकनीक पर काम किया है।