LOADING...
भारत में दो नए सेमीकंडक्टर प्लांट की तैयारी, अश्विनी वैष्णव ने दी जानकारी
भारत में दो नए सेमीकंडक्टर प्लांट की तैयारी

भारत में दो नए सेमीकंडक्टर प्लांट की तैयारी, अश्विनी वैष्णव ने दी जानकारी

Feb 27, 2026
04:58 pm

क्या है खबर?

देश को सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में आगे ले जाने के लिए भारत सरकार जल्द ही देश में दो नए प्लांट लगाने की योजना बना रही है। केंद्रीय सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राइजिंग भारत समिट में खुद इस बात की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि माइक्रोन टेक्नोलॉजी की नई फैसिलिटी के उद्घाटन के बाद अन्य प्लांट भी शुरू होंगे। केंद्र सरकार का लक्ष्य भारत को वैश्विक सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में विकसित करना है।

उद्घाटन

गुजरात में माइक्रोन की आधुनिक फैक्ट्री

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल गुजरात के साणंद में माइक्रोन टेक्नोलॉजी की ATMP फैसिलिटी का उद्घाटन करेंगे, जिसे अत्याधुनिक तकनीक से तैयार किया गया है। यह यूनिट असेंबली, टेस्टिंग, मार्किंग और पैकेजिंग का काम करेगी और वैश्विक सप्लाई चेन को मजबूती देगी। यहां हाई-बैंडविड्थ मेमोरी चिप्स बनाए जाएंगे, जो लैपटॉप, कैमरा और अन्य डिजिटल डिवाइस में उपयोग होंगी। प्रोजेक्ट में करीब 22,516 करोड़ रुपये का निवेश हुआ है और हजारों स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है।

उत्पादन

रोजगार और उत्पादन की बड़ी संभावना

मंत्री के अनुसार, माइक्रोन के बाद दो और प्लांट जल्द कमर्शियल प्रोडक्शन शुरू करेंगे, जबकि एक और यूनिट साल के अंत तक शुरू हो सकती है। इस परियोजना से करीब 5,000 प्रत्यक्ष नौकरियां सृजित होने का अनुमान है। गुजरात सरकार के मुताबिक, फिलहाल करीब 2,000 कर्मचारी उत्पादन की तैयारी में लगे हैं। इस प्लांट में विशेष रूप से दिव्यांग लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर शामिल किए गए हैं।

Advertisement

लक्ष्य

2035 तक बड़ी ताकत बनने का लक्ष्य

वैष्णव ने कहा कि इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन के तहत भारत कंप्यूट, आरएफ, नेटवर्किंग, पावर, सेंसर और मेमोरी जैसी छह प्रमुख प्रणालियों में अपनी बौद्धिक संपदा विकसित करेगा। इससे देश की तकनीकी आत्मनिर्भरता मजबूत होगी और आयात पर निर्भरता घटेगी। उन्होंने दावा किया कि 2029 तक भारत उद्योग में अहम खिलाड़ी बन जाएगा और 2035 तक दुनिया के प्रमुख सेमीकंडक्टर देशों में शामिल होने की दिशा में तेजी से और मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है।

Advertisement