एयरोस्पेस कंपनी एक्वेस को प्रमोटर ग्रुप से मिलेंगे 650 करोड़ रुपये
एयरोस्पेस और कंज्यूमर बिजनेस में काम करने वाली कंपनी एक्वेस लिमिटेड को उसके प्रमोटर ग्रुप से 650 करोड़ रुपये की पूंजी मिलने वाली है।
यह नई फंडिंग ऐसे समय में मिल रही है, जब कंपनी के एयरोस्पेस ऑर्डर बुक ने एक अरब डॉलर (करीब 95 अरब रुपये) का आंकड़ा पार कर लिया है, जो एक बड़ी उपलब्धि है।
यह पूंजी एक्वेस के प्रमोटर्स से जुड़ी कंपनी मेलवुड ट्रस्टी सर्विसेज को जारी किए गए कन्वर्टिबल वारंट्स के जरिए मिलेगी।
एक्वेस को फौरन मिलेंगे 325 करोड़ रुपये
इस पूंजी का आधा हिस्सा 325 करोड़ रुपये वारंट आवंटित होते ही फौरन दे दिया जाएगा, जिसके लिए सभी नियामकीय शर्तें पूरी की जाएंगी।
जब ये वारंट शेयरों में बदल जाएंगे, तब कंपनी में प्रमोटर और प्रमोटर ग्रुप की कुल हिस्सेदारी थोड़ी बढ़कर 59.09 से 60.73 फीसदी हो जाएगी। इस पूंजी का इस्तेमाल एक्वेस के होसुर प्लांट के विस्तार, इसकी सहायक कंपनियों में निवेश और सामान्य कारोबारी जरूरतों को पूरा करने के लिए किया जाएगा।
अब केवल 22 अक्टूबर को होने वाली असाधारण आम बैठक (EGM) में शेयरधारकों की मंजूरी, अन्य वैधानिक और नियामकीय अनुमतियां मिलना बाकी है।