फीफा वर्ल्ड कप 2026: सोफी स्टेडियम के 2,000 कर्मचारी हड़ताल पर जाने को तैयार
2026 फीफा वर्ल्ड कप शुरू होने में अब बस कुछ ही दिन बचे हैं। इससे पहले सोफी स्टेडियम के करीब 2,000 कर्मचारियों ने हड़ताल करने का फैसला किया है। इनमें रसोइया, बारटेंडर और वेटर जैसे कर्मचारी शामिल हैं।
इस स्टेडियम में 8 मैचों की मेजबानी होनी है और 12 जून को अमेरिका बनाम पैराग्वे के बीच वर्ल्ड कप का पहला मैच भी यहीं खेला जाएगा। ऐसे में अगर, हड़ताल होती है तो मैच के दिन की सारी व्यवस्थाएं बुरी तरह गड़बड़ा सकती हैं।
कर्मचारी ने की ये मांगें
यूनियन की मांग है कि उन्हें इतना वेतन मिले, जो लॉस एंजिल्स के महंगे जीवनयापन के खर्चों के हिसाब से हो। साथ ही, आउटसोर्सिंग और मशीनों के बढ़ते इस्तेमाल से उनकी नौकरी भी सुरक्षित रहे। खासकर फीफा वर्ल्ड कप जैसे बड़े आयोजनों के समय, सुरक्षा उनके लिए सबसे अहम मुद्दा है।
कर्मचारियों का मानना है कि स्टेडियम की भारी कमाई में उन्हें भी वाजिब हिस्सा मिलना चाहिए, खासकर जब स्टेडियम के कुछ सुइट पैकेज एक लाख डॉलर (करीब 90 लाख रुपये) से भी ज्यादा में बिक रहे हैं। मैनेजमेंट के साथ उनकी बातचीत सोमवार को फिर से शुरू होगी। अगर, इस बार भी कोई समझौता नहीं हो पाता है तो टूर्नामेंट शुरू होते ही हड़ताल शुरू हो सकती है।