Loading...
ऐपल का हैदराबाद में पहला स्टोर 10 दिसंबर को खुलेगा, जानिए क्या मिलेगी सुविधा
ऐपल हैदराबाद में 10 दिसंबर को अपना स्टोर खोलेगी

ऐपल का हैदराबाद में पहला स्टोर 10 दिसंबर को खुलेगा, जानिए क्या मिलेगी सुविधा

Nov 26, 2026
02:00 pm

क्या है खबर?

ऐपल 10 दिसंबर को हैदराबाद में अपना पहला स्टोर खोलकर भारत में अपनी खुदरा बिक्री का विस्तार कर रही है। 'ऐपल कुकटपल्ली' नाम का यह स्टोर तेलंगाना के लेक शोर-वाई जंक्शन मॉल में शाम 5 बजे ग्राहकों के लिए खुलेगा। इस नए आउटलेट के साथ देश में कंपनी के फिजिकल रिटेल नेटवर्क में कुल 7 स्टोर हो जाएंगे। हैदराबाद आईफोन निर्माता का अपना रिटेल आउटलेट पाने वाला छठा शहर बन जाएगा, जिससे प्रमुख शहरी बाजारों में इसकी मौजूदगी और बढ़ेगी।

डिजाइन 

शहर की पहचान दिखाता है स्टोर का डिजाइन

ऐपल ने अपने आगामी स्टोर के चारों ओर लगाए गए बैरिकेड्स का डिजाइन भी पेश किया है। इसमें एक मोती से प्रेरित ऐपल लोगो है, जो इंद्रधनुषी रंगों के बैकग्राउंड पर बना है।

कंपनी ने बताया कि यह कॉन्सेप्ट हैदराबाद की 'मोतियों के शहर' वाली पहचान को दर्शाता है।

ऐपल कुकटपल्ली में ग्राहकों को कंपनी के कई तरह के उत्पाद मिलेंगे, जिनमें आईफोन, मैकबुक, आईपैड और अन्य डिवाइस शामिल हैं। साथ ही ग्राहक इन-स्टोर टीमों से मदद भी ले सकेंगे।

वर्कशॉप 

स्टोर में आयोजित होंगे वर्कशॉप 

यह स्टोर 'टुडे एट ऐपल' सेशन भी आयोजित करेगा। ये मुफ्त वर्कशॉप रोज होंगी और इनमें आईफोन, आईपैड और ऐपल वॉच का इस्तेमाल कैसे शुरू करें? के बारे में बताया जाएगा।

इसके अलावा, इनमें फोटोग्राफी, वीडियो और ड्राइंग से जुड़े सेशन भी होंगे।

हैदराबाद की पहले से ही ऐपल के भारत में कामकाज में अहम भूमिका है। इस शहर में कंपनी की रिसर्च और डेवलपमेंट टीमें और साथ ही रिटेल कस्टमर केयर ऑपरेशंस मौजूद हैं।

ADVERTISEMENT