LOADING...
ऐपल ने दर्ज की 2021 के बाद सबसे बड़ी राजस्व वृद्धि
ऐपल ने दर्ज की बड़ी राजस्व वृद्धि (तस्वीर: अनस्प्लैश)

ऐपल ने दर्ज की 2021 के बाद सबसे बड़ी राजस्व वृद्धि

Aug 01, 2025
10:21 am

क्या है खबर?

ऐपल ने दिसंबर, 2021 के बाद अब तक की सबसे बड़ी राजस्व वृद्धि दर्ज की है। तीसरी तिमाही में आईफोन की बिक्री में 13 प्रतिशत की सालाना बढ़त हुई और कुल राजस्व 10 प्रतिशत बढ़कर 94.04 अरब डॉलर (लगभग 8,200 अरब रुपये) पहुंच गया। विश्लेषकों को इससे कम नतीजों की उम्मीद थी। CEO टिम कुक ने कहा कि यह हर लिहाज से एक शानदार तिमाही रही। आईफोन 16 की मांग ने कंपनी के मुनाफे को काफी बढ़ाया है।

समर्थन  

सेवाओं और मैक की बिक्री से भी मिला समर्थन  

ऐपल के सेवा कारोबार में 13 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 27.42 अरब डॉलर (लगभग 2,400 अरब रुपये) तक पहुंच गया। आईक्लाउड और ऐप स्टोर से कंपनी को अच्छी आमदनी हुई। मैक की बिक्री में भी 15 प्रतिशत की बढ़त देखी गई, जिसमें अपडेटेड मैकबुक एयर की भूमिका प्रमुख रही। यह ऐपल की किसी एक इकाई की सबसे तेज बढ़त थी। कंपनी ने सकल मार्जिन 46.5 प्रतिशत दर्ज किया, जो अपेक्षा से बेहतर रहा।

चुनौती

आईपैड और वियरेबल्स बने चुनौती 

आईपैड की बिक्री में 8 प्रतिशत की गिरावट आई और यह घटकर 6.58 अरब डॉलर (लगभग 600 अरब रुपये) रह गई। वियरेबल्स इकाई, जिसमें ऐपल वॉच और एयरपॉड्स शामिल हैं, का राजस्व 8.64 प्रतिशत गिरकर 7.4 अरब डॉलर पर आ गया। दूसरी ओर, ऐपल को चीन से राहत मिली जहां बिक्री 4 प्रतिशत बढ़कर 15.37 अरब डॉलर तक पहुंची। पिछले 2 तिमाहियों में वहां गिरावट देखने को मिली थी, लेकिन इस बार चीनी सब्सिडी से ऐपल को फायदा हुआ।

भविष्य 

भविष्य को लेकर कंपनी का अनुमान सकारात्मक

कंपनी ने संकेत दिया है कि सितंबर तिमाही में भी राजस्व में मध्यम वृद्धि हो सकती है। सेवा कारोबार में 13 प्रतिशत वृद्धि का स्तर बरकरार रह सकता है और सकल मार्जिन 46-47 प्रतिशत के बीच रहने की उम्मीद है। ऐपल को जून तिमाही में टैरिफ के रूप में 80 करोड़ डॉलर (लगभग 7,000 करोड़ रुपये) का नुकसान हुआ, लेकिन सितंबर तिमाही में यह बढ़कर 1.1 अरब डॉलर (लगभग 100 अरब रुपये) तक पहुंच सकता है।