ऐपल पे सितंबर तक भारत में हो सकता है लॉन्च, शुरू में नहीं मिलेगा UPI सपोर्ट
क्या है खबर?
ऐपल पे आखिरकार भारत में लॉन्च हो सकता है। खबरों के मुताबिक, यह सर्विस सितंबर के आखिर या अक्टूबर तक आ सकती है। हालांकि, भारतीय यूजर्स के लिए निराशा की बात यह है कि शुरुआती रोलआउट में यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) से लेन-देन शायद शामिल न हों। एक रिपोर्ट के मुताबिक, ऐपल भारत में अपनी पेमेंट सर्विस लाने की तैयारी के तहत देश की बड़ी क्रेडिट कार्ड जारी करने वाली कंपनियों के साथ बातचीत कर रही है।
समस्या
UPI सपोर्ट में यह आ रही दिक्कत
बिजनेस स्टैंडर्ड की रिपोर्ट के अनुसार, लॉन्च के समय ऐपल पे के UPI लेन-देन को सपोर्ट करने की संभावना कम है।
इसकी वजह यह है कि इसमें UPI लाने के लिए नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) की मंजूरी और ट्रांजैक्शन को स्पॉन्सर करने वाले बैंकिंग पार्टनर की जरूरत होगी।
यूजर्स सपोर्टेड कार्ड्स को ऐपल वॉलेट में जोड़ सकेंगे और फिर NFC का इस्तेमाल करके कम्पैटिबल पॉइंट-ऑफ-सेल टर्मिनल्स पर आईफोन से भुगतान कर सकेंगे।
रुकावट
इंटरचेंज फीस बनी रुकावट
खबरों के मुताबिक, ऐपल भारत के कुछ सबसे बड़े क्रेडिट कार्ड जारी करने वाले बैंकों के साथ इन लेन-देन के आर्थिक पहलुओं पर बातचीत कर रही है।
यह बातचीत इंटरचेंज फीस को लेकर है, जो कार्ड से पेमेंट प्रोसेस होने पर बैंकों के बीच चुकाई जाती है। यह फीस ऐपल पे के लॉन्च होने में सबसे बड़ी रुकावटों में से एक बना हुआ है।
ऐपल हर क्रेडिट कार्ड लेन-देन से लगभग 15-20 बेसिस पॉइंट का हिस्सा मांग रहा है।