ऐपल ने की टिम कुक के CEO पद छोड़ने की घोषणा, जानिए उनकी जगह कौन लेगा
क्या है खबर?
ऐपल ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) टिम कुक के पद छोड़ने की अटकलों पर विराम लगा दिया है। आईफोन निर्माता ने घोषणा की है कि 15 सालों तक CEO रहे कुक इस साल सितंबर में अपना पद छोड़ देंगे। उनकी जगह हार्डवेयर प्रमुख जॉन टेर्नस को इस पद की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। कंपनी ने बताया कि वे निदेशक मंडल के कार्यकारी अध्यक्ष बनेंगे और टेर्नस के सुचारू रूप से पदभार ग्रहण करने तक अपने पद पर बने रहेंगे।
बयान
कुक ने क्या कहा?
कुक ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, "ऐपल का CEO बनना और इतनी असाधारण कंपनी का नेतृत्व करने का भरोसा मिलना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य रहा है।" वे कंपनी में मुख्य परिचालन अधिकारी के रूप में काम करने के बाद 2011 में CEO बने और मैक, आईपॉड और आईफोन जैसे कुछ चुनिंदा उत्पादों को आगे ले जाने में अहम भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में ऐपल मनोरंजन, स्वास्थ्य और वियरेबल जैसे नए क्षेत्रों में एक महत्वपूर्ण खिलाड़ी बन गई।
उपलब्धि
कौन हैं नए CEO टर्नस?
कुक की जगह लेने वाले टर्नस ने 2001 में ऐपल में उत्पाद डिजाइन टीम से शुरुआत की और धीरे-धीरे पदोन्नति पाते हुए 2013 में हार्डवेयर इंजीनियरिंग के उपाध्यक्ष और 2021 में वरिष्ठ उपाध्यक्ष बने। उन्होंने आईपैड और एयरपॉड्स के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और पिछले महीने पहले कम लागत वाले मैकबुक, मैकबुक नियो के लॉन्च का नेतृत्व किया। वे ऐसे समय कंपनी की कमान संभालेंगे, जब सिरी और आईफोन जैसे लोकप्रिय उत्पादों में बड़े बदलाव होने की उम्मीद है।