एपोलो-ब्लैकस्टोन ने AI इंफ्रास्ट्रक्चर बढ़ाने के लिए किया बड़ा सौंदा
एपोलो ग्लोबल मैनेजमेंट और ब्लैकस्टोन ने मिलकर एंथ्रोपिक के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ाने के लिए 35 अरब डॉलर (करीब 3,250 अरब रुपये) का एक बड़ा सौदा किया है।
इस पैसे का इस्तेमाल गूगल के खास TPU को लीज पर लेने के लिए होगा। यह अब तक के सबसे बड़े प्राइवेट क्रेडिट सौदों में से एक है, जिससे साफ पता चलता है कि बेहतर AI हार्डवेयर की होड़ कितनी तेज हो गई है।
फंड को 3 हिस्सों में बांटा
यह फंड 3 हिस्सों में बांटा गया है। इनमें से 2 हिस्सों को बड़े चिप निर्माता ब्रॉडकॉम से बेहतर शर्तों पर समर्थन मिल रहा है, जबकि तीसरा हिस्सा थोड़ा जोखिम भरा है, जिसमें रिटर्न ज्यादा मिलने की उम्मीद है।
ब्रॉडकॉम ने A1 और A2 हिस्सों के लिए एक सुरक्षा कवच भी दिया है। इसका मतलब है कि अगर, चिप्स की बिक्री से उम्मीद से कम पैसा आता है तो भी ब्रॉडकॉम इसकी भरपाई करेगा।
इसके अलावा, ब्रॉडकॉम की योजना है कि वह एपोलो और अन्य कंपनियों के साथ मिलकर 2028 तक 20 गीगावाट से ज्यादा की कंप्यूटिंग क्षमता तैयार करे।
इस क्षमता से एंथ्रोपिक और OpenAI जैसी बड़ी AI कंपनियों की जरूरतों को पूरा किया जा सकेगा। यह कदम AI टूल्स की अगली जनरेशन के लिए तकनीक तक पहुंचने के तरीके में बड़ा बदलाव ला सकता है।