बीमा बाजार में सुधारों से ग्राहकों को मिल रहे जबरदस्त फायदे
2025 के सुधारों के बाद से भारत के बीमा क्षेत्र में एक नया बदलाव आया है। वैश्विक सलाहकार कंपनी एऑन की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, विदेशी निवेशकों को 100 फीसदी तक मालिकाना हक देने और बोर्ड के नियमों में ढील देने से यह क्षेत्र अब दुनियाभर की कंपनियों के लिए काफी आकर्षक हो गया है।
प्रीमियम हुआ कम और कवरेज बढ़ी
अधिक प्रतिस्पर्धा की वजह से प्रॉपर्टी इंश्योरेंस समेत अन्य क्षेत्रों में प्रीमियम कम हो रहे हैं। साथ ही, कवरेज के विकल्प भी बढ़ गए हैं, जिससे साइबर खतरों और जलवायु परिवर्तन जैसे नए जोखिमों के लिए भी पॉलिसियां आसानी से मिल रही हैं।
गिफ्ट सिटी ने खुद को एक पुनर्बीमा केंद्र के रूप में स्थापित कर लिया है, जो देश और विदेश दोनों की कंपनियों को अपनी ओर खींच रहा है। जहां ज्यादातर पॉलिसियां लेना अब आसान हो गया है, वहीं बढ़ते दावों की वजह से साइबर इंश्योरेंस की जांच पहले से ज्यादा सख्त हो रही है।
एऑन के मुख्य ब्रोकिंग अधिकारी शांतनु सक्सेना ने बताया, "यह भारतीय खरीदारों के लिए सही मौका है कि वे अपनी बचत को व्यापक कवरेज और अधिक बीमा राशि वाली पॉलिसियों में लगाएं। ऐसा करके वे अपनी सुरक्षा और क्षमताएं मजबूत कर पाएंगे।"