क्लाउड निर्माता कंपनी एंथ्रोपिक 18 नवंबर को अपने शेयर सार्वजनिक करने जा रही है। कंपनी अपने 82.5 करोड़ शेयर लाएगी, जिनकी कीमत 70 से 78 डॉलर (करीब 6,600-7,400 रुपये) के बीच तय की गई है।
ये शेयर 19 नवंबर से नैस्डैक पर 'ANT' नाम से ट्रेड होना शुरू हो जाएंगे। अगर, आप भारत में हैं और विदेशी टेक कंपनियों में निवेश करने की सोच रहे हैं तो यह जानकारी आपके काम आ सकती है।
भारतीय निवासियों को सालाना मिलेगी छूट
भारतीय नागरिक भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की लिबरलाइज्ड रेमिटेंस स्कीम (LRS) के तहत विदेशों में निवेश कर सकते हैं। इस स्कीम के जरिए आप हर साल 2.5 लाख डॉलर (करीब 2.3 करोड़ रुपये) तक की रकम विदेश में निवेश के लिए भेज सकते हैं। हालांकि, यह आपको विदेशी आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) में अपने आप एंट्री नहीं देता है। आपको यह पक्का करना होगा कि आपका ट्रांजैक्शन FEMA, ओवरसीज इन्वेस्टमेंट रूल्स एंड रेगुलेशंस और RBI के दिशा-निर्देशों के हिसाब से हो।
अगर, आप एक साल में 10 लाख रुपये से ज्यादा की रकम भेजते हैं तो वित्तीय वर्ष में 10 लाख रुपये से ऊपर की विदेशी रकम भेजने पर आम तौर पर 20 फीसदी टैक्स कलेक्टेड एट सोर्स (TCS) लगता है। कुछ खास शिक्षा और मेडिकल खर्चों पर यह टैक्स नहीं लगता।
लाभांश पर होगी 25 फीसदी कटौती
अगर, आप बाद में एंथ्रोपिक के शेयर बेचते हैं तो आपके पूंजीगत लाभ पर इस बात से टैक्स लगेगा कि आपने उन शेयरों को कितने समय तक अपने पास रखा था। इस पर शॉर्ट-टर्म या लॉन्ग-टर्म टैक्स दरें लागू होंगी।
एंथ्रोपिक से मिलने वाले किसी भी लाभांश (डिविडेंड) पर सबसे पहले 25 फीसदी अमेरिकी विदहोल्डिंग टैक्स लगेगा, लेकिन भारत और अमेरिका के बीच हुई संधि की वजह से आप विदेशी कर क्रेडिट के जरिए इस टैक्स का कुछ हिस्सा वापस क्लेम कर सकते हैं।