एंथ्रोपिक बेंगलुरु में खोलेगी अपना नया ऑफिस, भारतीय भाषाओं पर बढ़ाएगी ध्यान
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी एंथ्रोपिक ने आज (16 फरवरी) बेंगलुरु में अपना नया ऑफिस खोलने की घोषणा की है। कंपनी ने कहा कि यह भारत में उसका नया होम बेस होगा और एशिया-पैसिफिक में दूसरा ऑफिस है। एंथ्रोपिक के मुताबिक, भारत क्लाउड.AI के लिए दूसरा सबसे बड़ा बाजार बन चुका है। भारत में इसका बड़ा इस्तेमाल एप्लिकेशन बनाने, सिस्टम को आधुनिक करने और प्रोडक्शन सॉफ्टवेयर तैयार करने जैसे तकनीकी और कंप्यूटर आधारित कामों में हो रहा है।
साझेदारी
एंटरप्राइज और अन्य क्षेत्रों में नई साझेदारी
बेंगलुरु में ऑफिस लॉन्च के साथ कंपनी ने एंटरप्राइज, शिक्षा और कृषि क्षेत्र में नई साझेदारियों का भी आज बड़ा ऐलान किया है। इंडिया मैनेजिंग डायरेक्टर इरीना घोष ने कहा कि भारत जिम्मेदार AI को बड़े स्तर पर पहुंचाने का मजबूत अवसर देता है। यहां कुशल तकनीकी प्रतिभा और मजबूत डिजिटल ढांचा मौजूद है। कंपनी का कहना है कि इन कदमों से अलग-अलग उद्योगों में AI का सुरक्षित और उपयोगी विस्तार होगा।
ध्यान
भारतीय भाषाओं और स्थानीय जरूरतों पर ध्यान
कंपनी ने बताया कि भारत में कई भाषाएं बोली जाती हैं, इसलिए उसने हिंदी, बंगाली, तमिल सहित 10 भाषाओं में बेहतर ट्रेनिंग डाटा जोड़ा है। डिजिटल ग्रीन और अदालत AI जैसे संगठनों के साथ मिलकर कृषि और कानून क्षेत्रों में मॉडल की जांच की जा रही है। इन परीक्षणों का मकसद स्थानीय जरूरतों के अनुसार AI को बेहतर बनाना है। कंपनी भविष्य में इन रिपोर्ट को सार्वजनिक करने की योजना बना रही है।
राजस्व
बढ़ता राजस्व और एंटरप्राइज में पकड़
एंथ्रोपिक ने हाल ही में 30 अरब डॉलर (लगभग 2,700 अरब रुपये) की फंडिंग जुटाई है और कंपनी की वैल्यू 380 अरब डॉलर (लगभग 34,000 अरब रुपये) बताई गई है। कंपनी का रन-रेट राजस्व करीब 1,300 अरब रुपये तक पहुंच चुका है। क्लाउड AI डेवलपर्स के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है और एंटरप्राइज ग्राहकों का हिस्सा बढ़ रहा है। कंपनी क्लाउड कोवर्क जैसे AI एजेंट के जरिए बिजनेस सेक्टर में अपनी स्थिति मजबूत कर रही है।