भारतीय कंपनी ने ट्रेडमार्क चोरी के आरोप में एंथ्रोपिक को कोर्ट में घसीटा
बेलगावी की एक IT कंपनी एंथ्रोपिक STC ने सैन फ्रांसिस्को की एंथ्रोपिक PBC पर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। कंपनी का आरोप है कि अमेरिकी फर्म ने उसका ट्रेडमार्क चुराया है।
भारतीय कंपनी के संस्थापक मोहम्मद अय्याज मुल्ला का कहना है कि भारत में उनकी कंपनी ने यह नाम पहले ही रजिस्टर करवा लिया था। उनका कहना है कि इस मिलते-जुलते नाम के इस्तेमाल से लोगों में भ्रम पैदा हो रहा है और उनकी कंपनी की साख को नुकसान हो रहा है।
हेग कन्वेंशन के तहत भेजा नोटिस
भारतीय टीम ने हेग कन्वेंशन के तहत एंथ्रोपिक PBC को कानूनी नोटिस भेजने में कामयाबी हासिल की है। यह एक काफी जटिल अंतरराष्ट्रीय प्रक्रिया मानी जाती है।
संस्थापक ने इसे मामले में एक बहुत महत्वपूर्ण कदम बताया और कहा कि उन्हें न्याय मिलने का पूरा भरोसा है। दूसरी तरफ, अमेरिकी कंपनी ने इन सभी आरोपों से साफ इनकार किया है। अब यह पूरा मामला अदालत के फैसले पर निर्भर है। इस मामले की अगली सुनवाई 23 जुलाई को तय की गई है।