एंथ्रोपिक के AI सुरक्षा प्रमुख का इस्तीफा, दुनिया खतरे में होने की दी चेतावनी
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी एंथ्रोपिक की सेफगार्ड रिसर्च टीम के प्रमुख मृणांक शर्मा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। उनका इस्तीफा इसलिए चर्चा में है क्योंकि उन्होंने अपने पत्र में AI से जुड़ी सुरक्षा चिंताओं और संगठन की प्राथमिकताओं के बीच टकराव का संकेत दिया। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात में आगे काम करना उनके लिए मानसिक और नैतिक रूप से मुश्किल हो गया था।
चिंता
रहस्यमयी पत्र में जताई गंभीर चिंता
मृणांक ने अपने इस्तीफे के पत्र में सीधे किसी कंपनी या व्यक्ति का नाम नहीं लिया है। उन्होंने लिखा कि दुनिया सिर्फ AI से नहीं, बल्कि कई आपस में जुड़े संकटों से खतरे में है। उनका कहना था कि तकनीक की ताकत तेजी से बढ़ रही है, लेकिन उसे संभालने की समझ उतनी तेजी से नहीं बढ़ रही है। अगर ऐसा ही चलता रहा, तो इसके नतीजे पूरी मानवता और समाज को लंबे समय तक झेलने पड़ सकते हैं।
टकराव
मूल्यों और दबाव के बीच टकराव
मृणांक ने साफ कहा कि लगातार काम के दबाव में सबसे जरूरी चीज, यानी वैल्यूज, पीछे छूटती जा रही थीं। उन्होंने बताया कि कई बार संगठन के भीतर भी सही फैसले लेना मुश्किल हो जाता है। उनका इशारा इस ओर था कि तेजी से प्रोडक्ट लॉन्च करने और आगे बढ़ने की दौड़ में AI सेफ्टी से समझौता हो सकता है। इसी वजह से उन्होंने आत्ममंथन के बाद अलग होने का फैसला लिया।
इस्तीफे
कंपनी में पहले भी हो चुके हैं इस्तीफे
मृणांक का इस्तीफा ऐसे समय आया है जब एंथ्रोपिक ने हाल ही में अपना नया AI मॉडल लॉन्च किया है और फंडिंग की तैयारी चल रही है। इससे पहले भी कंपनी की रिसर्च और AI सेफ्टी टीम से जुड़े कुछ बड़े नाम इस्तीफा दे चुके हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यह घटनाक्रम दिखाता है कि AI कंपनियों में सेफ्टी और बिजनेस लक्ष्यों के बीच संतुलन बनाना लगातार बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें उनका पोस्ट
Today is my last day at Anthropic. I resigned.
— mrinank (@MrinankSharma) February 9, 2026
Here is the letter I shared with my colleagues, explaining my decision. pic.twitter.com/Qe4QyAFmxL