एंथ्रोपिक ने जुटाया 2,700 अरब रुपये का नया निवेश, दोगुना हुआ कंपनी का मूल्यांकन
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी एंथ्रोपिक ने अपने नए फंडिंग राउंड में 30 अरब डॉलर (लगभग 2,700 अरब रुपये) जुटाए हैं। इस बड़े निवेश के बाद कंपनी की मूल्यांकन बढ़कर 380 अरब डॉलर (लगभग 34,000 अरब रुपये) हो गई है, जो पहले के मुकाबले दोगुनी से भी ज्यादा बताई जा रही है। यह डील दिखाती है कि AI सेक्टर में निवेशकों की दिलचस्पी लगातार तेजी से बढ़ रही है। इस फंडिंग राउंड में कई बड़े ग्लोबल निवेशकों ने हिस्सा लिया है।
राजस्व
राजस्व में तेज बढ़ोतरी
कंपनी ने बताया कि उसका मौजूदा रन-रेट राजस्व 14 अरब डॉलर (लगभग 1,300 अरब रुपये) तक पहुंच गया है। केवल क्लॉड कोड से 2.5 अरब डॉलर (लगभग 220 अरब रुपये) से ज्यादा का रन-रेट राजस्व मिल रहा है। इस साल की शुरुआत से इसके बिजनेस सब्सक्रिप्शन चार गुना तक बढ़ चुके हैं। अब कंपनी की कुल कमाई का बड़ा हिस्सा एंटरप्राइज ग्राहकों से आ रहा है, जो अपने रोजमर्रा के काम के लिए AI टूल्स का इस्तेमाल कर रहे हैं।
पहचान
कोडिंग मॉडल से मिली अलग पहचान
एंथ्रोपिक ने अपने क्लाउड चैटबॉट और खास तौर पर कोडिंग मॉडल 'क्लॉड' के जरिए अलग पहचान बनाई है। कंपनी ने अपने AI मॉडल की ट्रेनिंग में कोडिंग और टेक्निकल टास्क पर खास ध्यान दिया है, जिससे लोकप्रियता बढ़ी है। हाल ही में लॉन्च किए गए नए AI प्लगइन्स के बाद ग्लोबल सॉफ्टवेयर शेयरों में भी हलचल देखी गई। निवेशक इस बात पर चर्चा कर रहे हैं कि एडवांस AI मॉडल पारंपरिक सॉफ्टवेयर कंपनियों के लिए बड़ी चुनौती बन सकते हैं।
रेगुलेशन
रेगुलेशन पर अलग रुख
एंथ्रोपिक ने AI रेगुलेशन को लेकर भी एक अलग और स्पष्ट रुख अपनाया है। अन्य टेक कंपनियां से उलट एंथ्रोपिक ने सख्त और जिम्मेदार नियमों के समर्थन की खुलकर बात कही है। कंपनी ने ऐसे अमेरिकी उम्मीदवारों को आर्थिक मदद देने की योजना बनाई है, जो AI को जिम्मेदारी से रेगुलेट करना चाहते हैं। कंपनी का कहना है कि AI टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल सिर्फ मुनाफे के लिए नहीं, बल्कि समाज और आम लोगों के हित में होना चाहिए।