एंथ्रोपिक ने IPO के लिए किया आवेदन, 96 लाख करोड़ रुपये मूल्यांकन पर नजर
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी एंथ्रोपिक ने अपना IPO लॉन्च करने के लिए आवेदन किया है। कंपनी ने अमेरिका में शेयर बाजार में उतरने के लिए जरूरी दस्तावेज गोपनीय रूप से जमा किए हैं। एंथ्रोपिक का लक्ष्य लिस्टिंग के बाद 1 लाख करोड़ डॉलर (लगभग 96 लाख करोड़ रुपये) का मूल्यांकन हासिल करना हो सकता है। अगर ऐसा होता है तो यह दुनिया की सबसे मूल्यवान टेक कंपनियों में शामिल हो जाएगी।
प्रक्रिया
गोपनीय फाइलिंग से शुरू हुई प्रक्रिया
एंथ्रोपिक ने बताया है कि उसने अमेरिकी सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन (SEC) के पास ड्राफ्ट रजिस्ट्रेशन स्टेटमेंट जमा किया है। हालांकि, कंपनी ने अभी यह नहीं बताया है कि वह कितने शेयर बेचेगी या उनकी कीमत क्या होगी। यह फाइलिंग IPO प्रक्रिया का शुरुआती चरण है। नियामक समीक्षा पूरी होने के बाद ही आगे की जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। कंपनी का कहना है कि अंतिम फैसला बाजार की स्थिति और अन्य कारकों पर निर्भर करेगा।
पहचान
तेजी से बढ़ी एंथ्रोपिक की पहचान
एंथ्रोपिक की स्थापना पूर्व OpenAI कर्मचारियों ने की थी और कुछ ही वर्षों में यह AI क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों में शामिल हो गई है। कंपनी अपने क्लाउड AI मॉडल के लिए जानी जाती है। हाल के महीनों में एंथ्रोपिक ने बड़ी फंडिंग हासिल की और उसका मूल्यांकन तेजी से बढ़ा है। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि निजी बाजार में कंपनी का मूल्यांकन OpenAI से भी आगे निकल चुका है, जिससे निवेशकों की दिलचस्पी और बढ़ी है।
मुकाबला
AI कंपनियों के बीच बढ़ेगा मुकाबला
एंथ्रोपिक का IPO ऐसे समय में आ रहा है जब AI कंपनियां डाटा सेंटर, चिप्स और नई तकनीकों पर भारी निवेश कर रही हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि शेयर बाजार से मिलने वाली नई पूंजी कंपनी के विस्तार में मदद करेगी। वहीं OpenAI के भी आने वाले समय में IPO के लिए कदम बढ़ाने की उम्मीद जताई जा रही है। एंथ्रोपिक और OpenAI के बीच तकनीक के साथ-साथ निवेशकों को आकर्षित करने की प्रतिस्पर्धा तेज हो सकती है।