एंथ्रोपिक ने जांच-पड़ताल के बाद डेकार्ट को खरीदने के सौदे से हाथ खींचे
एंथ्रोपिक ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) स्टार्टअप डेकार्ट AI को 6 अरब डॉलर (550 अरब रुपये) में खरीदने की अपनी योजना रद्द कर दी है। सूत्रों के अनुसार, एंथ्रोपिक इस सौदे पर विचार कर रही थी और उसने डेकार्ट की जांच-पड़ताल (ड्यू डिलिजेंस) भी की थी, लेकिन आखिर में पीछे हट गई।
हालाकि, अभी यह अधिग्रहण टल गया है, लेकिन कुछ सूत्रों की मानें तो भविष्य में दोनों कंपनियां फिर से साथ आ सकती हैं। फिलहाल, इस फैसले पर दोनों ही कंपनियों ने चुप्पी साध रखी है।
दक्षता बढ़ाने वाला सॉफ्टवेयर बनाती है डेकार्ट
डेकार्ट ऐसा सॉफ्टवेयर तैयार करता है, जो चिप की दक्षता को सुधारकर AI को ज्यादा सस्ता और तेज बना सकता है। एंथ्रोपिक को भी इसी तरह के टेक्नोलॉजी में दिलचस्पी है।
हालांकि, वह आमतौर पर बड़े अधिग्रहण कम ही करता है। इसके बजाय अपनी कंप्यूटिंग पावर बढ़ाने पर ज्यादा खर्च करता है, ताकि नए उत्पाद बना सके और ग्राहकों को बेहतर सेवा दे सके।
यह फैसला ऐसे समय आया है, जब एंथ्रोपिक एक बड़े आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) की तैयारी कर रही है, जो स्पेस-X जितना बड़ा हो सकता है। यह दिखाता है कि कंपनी वॉल स्ट्रीट में कदम रखने से पहले विकास और नए विचार पर जोर दे रही है।