बैंक ऑफ इंग्लैंड के गवर्नर ने फ्रंटियर AI को लेकर दी चेतावनी
बैंक ऑफ इंग्लैंड के गवर्नर एंड्रयू बेली ने हाल ही में एक बड़ी चिंता जताई है। उनका कहना है कि एडवांस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से दुनिया के वित्तीय सिस्टम में काफी उथल-पुथल मच सकती है।
उन्होंने G20 देशों के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक के गवर्नरों को एक पत्र लिखा है। इसमें बेली ने बताया कि फ्रंटियर AI मॉडल इतने ज्यादा स्मार्ट और अपने फैसले लेने वाले हो रहे हैं कि वे साइबर हमले या व्यवधान पैदा कर सकते हैं। ये दिक्कतें बैंकों और बाजारों में बहुत तेजी से फैलकर बड़ी परेशानी खड़ी कर सकती हैं।
उनके अनुसार, मौजूदा समय में हमारे सुरक्षा उपाय इस स्तर की तकनीक से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार नहीं दिखते।
वैश्विक सहयोग पर दिया जोर
बेली ने साफ शब्दों में कहा कि कोई भी एक देश अकेले इन बड़े जोखिमों से नहीं निपट सकता। AI से जुड़े खतरे किसी भी सीमा को नहीं पहचानते।
उन्होंने यह भी चेताया कि अगर, फाइनेंस सेक्टर में AI की क्षमताओं को लेकर लोग हद से ज्यादा आशावादी हो जाते हैं तो भविष्य में आने वाले झटके कहीं ज्यादा गंभीर हो सकते हैं।
OpenAI, एंथ्रोपिक और गूगल डीपमाइंड जैसे बड़े फ्रंटियर AI लैब में काम करने वाले 1,367 शोधकर्ता और इंजीनियर्स ने खुद एडवांस AI को लेकर बेहतर नियमों की मांग की है।
ऐसे में बेली ने उन सभी लोगों से अपील की है, जिनकी जिम्मेदारी दुनिया के वित्तीय सिस्टम को सुरक्षित रखना है। उन्हें बैंकिंग सेक्टर और बाकी जगहों पर भी तकनीक के सुरक्षित इस्तेमाल के लिए तुरंत और मिलकर काम करना होगा।