
अनंत अंबानी रिलायंस इंडस्ट्रीज में पूर्णकालिक निदेशक नियुक्त, बोर्ड ने दी मंजूरी
क्या है खबर?
रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) ने अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी के सबसे छोटे बेटे अनंत अंबानी को बोर्ड में पूर्णकालिक निदेशक नियुक्त किया है।
कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज को दी सूचना में कहा कि उनका कार्यकाल 1 मई, 2025 से 5 साल के लिए होगा और इसके लिए शेयरधारकों की मंजूरी मिलना बाकी है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज में गैर-कार्यकारी निदेशक के रूप में काम कर चुके अनंत अंबानी अब भारत की सबसे मूल्यवान कंपनी में अधिक सक्रिय कार्यकारी भूमिका निभाएंगे।
जिम्मेदारी
इन कंपनियों में भी जिम्मेदारी संभाल रहे अनंत अंबानी
अनंत अंबानी की यह पूर्वकालिक निदेशक पद पर नियुक्ति मानव संसाधन, नामांकन और पारिश्रमिक समिति की सिफारिश के बाद की गई है।
अनंत रिलायंस समूह की कई कंपनियों के बोर्ड में भी काम कर रहे हैं। इनमें रिलायंस जियो (मार्च 2020 से), रिलायंस रिटेल वेंचर्स (मई 2022 से) और रिलायंस न्यू एनर्जी और रिलायंस न्यू सोलर एनर्जी (जून 2021 से) शामिल हैं।
इसके अलावा वे सितंबर 2022 से रिलायंस फाउंडेशन के बोर्ड सदस्य भी बने हुए हैं।
शिक्षा
कहां की है अनंत अंबानी ने पढ़ाई
अनंत अंबानी ने अमेरिका की ब्राउन यूनिवर्सिटी से स्नातक की पढ़ाई की है। उन्हें परोपकारी हितों विशेष रूप से पशु कल्याण के लिए भी जाना जाता है। वे पशुओं के पुनर्वास व देखभाल पर केंद्रित कई पहलों में शामिल हैं।
उनके बड़े भाई आकाश अंबानी वर्तमान में रिलायंस जियो इन्फोकॉम के अध्यक्ष हैं, जबकि बहन ईशा अंबानी रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड में कार्यकारी निदेशक के रूप में कार्य करती हैं।
दोनों भाई-बहन RIL के बोर्ड में गैर-कार्यकारी निदेशक भी हैं।