आनंद राठी ने कानोहर इलेक्ट्रिकल्स के IPO का किया समर्थन
रिसर्च फर्म आनंद राठी ने कनोहर इलेक्ट्रिकल्स की आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) को सब्सक्राइब करने की सिफारिश की है।
फर्म उन निवेशकों को इसमें निवेश की सलाह दे रही है, जो लंबी अवधि में अच्छा मुनाफा कमाने की उम्मीद कर रहे हैं।
कनोहर कंपनी 1972 से काम कर रही है। यह ट्रांसफॉर्मर बनाने के साथ-साथ इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन (EPC) बिजनेस भी करती है।
इसमें बिजली ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन के सभी तरह के काम शामिल हैं। साथ ही, कंपनी रेलवे और रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर को भी अपनी सेवाएं देती है।
ट्रांसफॉर्मर और EPC प्रोजेक्ट्स तैयार करती है कंपनी
कनोहर इलेक्ट्रिकल्स मुख्य तौर पर 2 तरह के काम करती है। एक तो ग्राहकों की जरूरत के हिसाब से ट्रांसफॉर्मर तैयार करना और दूसरा सबस्टेशन और हाई-वोल्टेज लाइन जैसे बड़े EPC प्रोजेक्ट्स को पूरा करना।
अपने करीब 54 सालों के अनुभव के चलते इस सेक्टर में कंपनी को काफी भरोसेमंद माना जाता है। हालांकि, इस IPO का मूल्यांकन ट्रांसफॉर्मर्स एंड रेक्टिफायर्स (इंडिया) लिमिटेड के मुकाबले थोड़ा महंगा है। यह 32.2x P/E और 20.8x EV/EBITDA के प्रीमियम पर मिल रहा है।
इसका मतलब है कि ऊपरी प्राइस बैंड पर IPO के बाद इसका बाजार पूंजीकरण 5,004 करोड़ रुपये होगा, लेकिन आनंद राठी का कहना है कि कनोहर की हाल की बेहतरीन ग्रोथ और अच्छे मुनाफे को देखते हुए यह प्रीमियम जायज है।